हादसा नहीं थी बुजुर्ग की मौत! जादू-टोने के शक में रची गई हत्या की साजिश, बोलेरो से कुचलकर वारदात को दुर्घटना का दिया रूप

हादसा नहीं थी बुजुर्ग की मौत! जादू-टोने के शक में रची गई हत्या की साजिश, बोलेरो से कुचलकर वारदात को दुर्घटना का दिया रूप

जशपुर। बगीचा थाना क्षेत्र के जामपानी सरबकोंबो गांव में 68 वर्षीय बुजुर्ग की मौत का मामला पुलिस जांच में नया मोड़ ले चुका है। जिस घटना को शुरुआत में सड़क हादसा समझा जा रहा था, पुलिस के मुताबिक उसके पीछे हत्या की साजिश सामने आई है। जांच में कथित तौर पर यह बात सामने आई कि जादू-टोने के शक और पुरानी रंजिश के चलते बुजुर्ग को बोलेरो से टक्कर मारकर मौत के घाट उतारा गया और पूरी वारदात को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई।

खेत के पास मिली थी बुजुर्ग की लाश
मृतक की पहचान 68 वर्षीय जोयो राम, निवासी जामपानी सरबकोंबो के रूप में हुई है। 29 सितंबर को उनकी मौत की सूचना मिलने के बाद बगीचा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पंचनामा के दौरान पुलिस को मृतक के सिर, माथे और बाएं पैर पर चोट के निशान मिले। पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव को मौत की वजह बताया गया। इसके बाद पुलिस ने घटना की परिस्थितियों को लेकर जांच का दायरा बढ़ाया।

बयानों से खुलने लगी घटना की परतें
पुलिस ने मृतक के परिवार, आसपास मौजूद लोगों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। जांच के दौरान मिले बयानों और अन्य साक्ष्यों से पुलिस को संदेह हुआ कि जोयो राम की मौत सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि जानबूझकर वाहन से टक्कर मारने के कारण हुई हो सकती है। इसके बाद पुलिस ने पुराने विवाद और मृतक के परिवार से जुड़े घटनाक्रम की भी पड़ताल शुरू की।

Read More Surajpur News: देर रात सड़क किनारे कुएं में जा गिरी बाइक, हादसे में युवक की मौत; ग्रामीणों ने निकाला शव

पत्नी पर जादू-टोने का आरोप, वर्षों से था विवाद
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिवार और गांव के दीपक यादव, उसके पिता तथा चाचा के बीच पिछले दो-तीन वर्षों से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इस परिवार की ओर से जोयो राम की पत्नी पर टोनही होने और जादू-टोना करने जैसे आरोप लगाए जाते थे। जांच में एक बैगा द्वारा भी परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब होने के पीछे मृतक की पत्नी को जिम्मेदार बताए जाने की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस का कहना है कि इसी तरह के अंधविश्वास और आरोपों ने पुरानी रंजिश को और बढ़ा दिया था।

Read More छोटे भाई ने कूदकर बचाने की कोशिश की, हाथ पकड़ा लेकिन तेज बहाव में छूट गई पकड़, दो दिन बाद मिला किसान का शव

मक्का खेत के पास बनाया वारदात का प्लान
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी दीपक यादव से मिली जानकारी के आधार पर घटना की कथित योजना सामने आई। पुलिस का दावा है कि दीपक, उसके पिता और चाचा ने जोयो राम को रास्ते में वाहन से टक्कर मारने की योजना बनाई थी। उन्हें पता था कि जोयो राम नियमित रूप से अपने मक्का खेत की तरफ जाते थे। इसी जानकारी के आधार पर खेत के आसपास वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई गई।

बोलेरो से टक्कर मारने का आरोप 
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर की शाम करीब 4 बजे दीपक यादव अपने चाचा की बोलेरो लेकर डाहीडांड़ की ओर गया। उस दौरान जोयो राम मुख्य सड़क से कुछ दूरी पर अपने मक्का खेत के सामने मौजूद थे। आरोप है कि दीपक ने वाहन को आगे ले जाने के बाद वापस मोड़ा और तेज रफ्तार में जोयो राम को टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर बोलेरो लेकर बगीचा की ओर निकल गया, जिससे घटना को सड़क दुर्घटना जैसा दिखाया जा सके।

जांच में सामने आया वाहन, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने 1 अक्टूबर को दीपक यादव (21 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ और पुलिस के मुताबिक आरोपी के कथित मेमोरेंडम के आधार पर वारदात में इस्तेमाल बोलेरो क्रमांक CG 14 MC 5946 बरामद कर जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पिता, चाचा और बैगा की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, मामले में तीन अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है। इनमें दीपक के पिता, उसका चाचा और एक बैगा शामिल बताए जा रहे हैं। तीनों फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में बगीचा थाने में अपराध क्रमांक 259/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने BNS की धारा 103(1), 61(2) तथा छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4, 5 और 6 के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस की अपील- अंधविश्वास को हिंसा का जरिया न बनाएं
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के अनुसार, शुरुआती तौर पर दुर्घटना नजर आ रही घटना की जांच के दौरान अंधविश्वास और जादू-टोने के संदेह से जुड़ी हत्या की आशंका सामने आई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति पर जादू-टोना या टोनही होने का आरोप लगाकर उसके खिलाफ हिंसा न करें। किसी भी विवाद या संदिग्ध परिस्थिति में कानून का सहारा लेने की अपील की गई है।

पुलिस टीम की कार्रवाई
पूरे मामले के खुलासे में बगीचा थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, सहायक उप निरीक्षक अनिल कामरे, नरेश मिंज और प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह समेत पुलिस टीम की अहम भूमिका बताई गई है।

Tags:

Latest News

हाईकोर्ट: पुराने मामलों पर नहीं चलेगा नया नियम, स्टडी लीव बढ़ाने की याचिकाएं खारिज हाईकोर्ट: पुराने मामलों पर नहीं चलेगा नया नियम, स्टडी लीव बढ़ाने की याचिकाएं खारिज
आत्महत्या मानने को तैयार नहीं परिवार! SF-6 जवान की मौत पर सड़क पर रखा शव, हत्या की आशंका से गरमाया मामला
रात में बिस्तर से गायब हुई तीन माह मासूम, सुबह पानी के ड्रम में मिली लाश, पुलिस जांच में खुला मौत का खौफनाक राज
हॉस्टल की रसोई में बड़ा हादसा! गर्म दाल की चपेट में आए दो छात्र, परीक्षा भी छूटी; परिजनों ने उठाए व्यवस्था पर सवाल
स्कूल पहुंचे बच्चे, लेकिन गुरुजी रहे गायब, डिजिटल निगरानी में 1618 शिक्षक गैरहाजिर
पत्नी से विवाद के बाद ससुराल में खौफनाक हरकत! आधी रात घर में घुसा पति, दादा-पोते पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप
हादसा नहीं थी बुजुर्ग की मौत! जादू-टोने के शक में रची गई हत्या की साजिश, बोलेरो से कुचलकर वारदात को दुर्घटना का दिया रूप
CG Police में बड़ा उलटफेर! 21 इंस्पेक्टर इधर से उधर, बदली पोस्टिंग और जिम्मेदारियां; PHQ ने जारी किया आदेश
कार के सीक्रेट चेंबर में छिपा रखा था गांजा, पुलिस ने खोला राज; 10.543 किलो माल जब्त, दो नाबालिग समेत 4 पकड़े गए
शोएब ढेबर तक पुलिस की खबर पहुंचने का शक, दो आरक्षक लाइन अटैच; कई ठिकानों पर दबिश के बाद भी हाथ खाली
Flydubai Flight Chaos: हवा में मचा हड़कंप! Flydubai के कॉकपिट में कैप्टन पर हमला, खून से लथपथ पायलट का वीडियो आया सामने
दिल्ली में SIR पर सियासी संग्राम तेज, जंतर-मंतर पहुंचे सौरभ भारद्वाज हिरासत में; 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद