हार्वेस्टर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक का सिर धड़ से हुआ अलग, किशोरी समेत दो की दर्दनाक मौत
जेपीएम: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। पेंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम अमरपुर के पास हार्वेस्टर और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार युवक और किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल किशोरी ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद हार्वेस्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
टक्कर इतनी भयावह कि युवक ने मौके पर ही तोड़ा दम
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान बस्ती बगरा निवासी 17 वर्षीय दुलरिया बाई और घाटबहरा निवासी मुकेश पोर्ते के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम अमरपुर के पास सामने से आ रहे हार्वेस्टर से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया। हादसे में किशोरी भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
अस्पताल में जिंदगी की जंग हारी किशोरी
हादसे के बाद घायल किशोरी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते चिकित्सक उसे बचा नहीं सके। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। एक ही हादसे में दो लोगों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।
चालक फरार, पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद हार्वेस्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के साथ फरार चालक की तलाश कर रही है।
