भाजपा नेता पर नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप, मारपीट का भी दावा
कोरबा : दशहरा के मेले में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़ और विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आने से कोरबा में हड़कंप मच गया है। आरोप भाजपा विधि प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य और पेशे से वकील अनिल चौरसिया पर लगा है। पीड़िता की शिकायत के अनुसार पहले उस पर अश्लील टिप्पणी की गई और गलत तरीके से छूने का आरोप है। विरोध करने पर विवाद बढ़ा और तीन लोगों ने कथित तौर पर छात्रा तथा उसके साथ पहुंचे परिजन से गाली-गलौज और मारपीट की। मामले में पुलिस ने अनिल चौरसिया, कौशल चौरसिया और दिनेश चौहान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं, अनिल चौरसिया ने आरोपों को साजिश बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
दशहरा मेले में कथित अश्लील टिप्पणी, फिर बढ़ा विवाद
मामला बालको थाना क्षेत्र का है। शिकायत के अनुसार, 20 अक्टूबर को दशहरा के दिन रजगामार के रावण मैदान में सार्वजनिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान 16 वर्षीय छात्रा भी वहां मौजूद थी। आरोप है कि कौशल चौरसिया और उसके भाई अनिल चौरसिया ने छात्रा पर टिप्पणी करते हुए कहा, ‘तुम अब जवान हो गई हो, चलो घुमाकर लाता हूं।’ छात्रा ने इस व्यवहार का विरोध किया और अपने चचेरे भाई को घटना की जानकारी दी।
विरोध करने पहुंचे परिजन से भी मारपीट का आरोप
छात्रा अपने चचेरे भाई के साथ दोनों आरोपियों से बात करने पहुंची। वहां कथित तौर पर कौशल चौरसिया, अनिल चौरसिया और दिनेश चौहान ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप यह भी है कि इसी दौरान नाबालिग के साथ अश्लील हरकत की गई और उसका दुपट्टा खींचा गया। घटना के बाद डरी-सहमी छात्रा घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। पीड़िता के पिता की मृत्यु हो चुकी है और वह अपने चाचा के यहां रहकर पढ़ाई करती है।
शिकायत लेकर थाने पहुंचे परिजन, एसपी के निर्देश के बाद दर्ज हुआ केस
परिजनों का आरोप है कि घटना की रात वे शिकायत लेकर रजगामार पुलिस चौकी पहुंचे, लेकिन वहां से उन्हें बालको थाना क्षेत्र का मामला बताकर थाने जाने को कहा गया। इसके बाद बालको थाने में भी तत्काल कार्रवाई नहीं होने की बात परिजनों ने कही। अंततः उन्होंने कोरबा पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट तथा छेड़छाड़, महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने और मारपीट से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।
भाजपा नेता ने बताया साजिश, निष्पक्ष जांच की मांग
दूसरी ओर, अनिल चौरसिया ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए साजिश करार दिया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शिकायत झूठी पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
पुलिस: जांच जारी, गिरफ्तारी के प्रयास
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
