मौत बनकर खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार एंबुलेंस, दो महिलाओं की दर्दनाक मौत, तीन जिंदगी से जूझ रहे
महासमुंद : मरीज की जान बचाने के लिए दौड़ रही एंबुलेंस खुद मौत का वाहन बन गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर देवाशीष स्कूल के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस दर्दनाक हादसे में एंबुलेंस सवार दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मरीज को लेकर लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार एंबुलेंस में सवार सभी लोग ओडिशा के निवासी थे। वे मरीज का इलाज कराने के बाद एंबुलेंस से वापस ओडिशा लौट रहे थे। इसी दौरान बागबाहरा थाना क्षेत्र में देवाशीष स्कूल के पास एंबुलेंस की रफ्तार हादसे की वजह बन गई। बताया जा रहा है कि तेज गति से आ रही एंबुलेंस के चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और वह सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार, गाड़ी में फंसे लोगों को ग्रामीणों ने निकाला
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़े। एंबुलेंस में फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बागबाहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
दो परिवारों में पसरा मातम, पुलिस ने शुरू की जांच
इस हादसे में जान गंवाने वाली दोनों महिलाओं के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। वहीं तीन घायलों का उपचार जारी है। बागबाहरा पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में एंबुलेंस की तेज रफ्तार और चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने की बात सामने आई है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
