जशपुर में दिल दहला देने वाला हत्याकांड: जल्दी अमीर बनने के लालच में मासूम की हत्या, शरीर के अंग निकालकर बाल्टी में छिपाए

जशपुर में दिल दहला देने वाला हत्याकांड: जल्दी अमीर बनने के लालच में मासूम की हत्या, शरीर के अंग निकालकर बाल्टी में छिपाए

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। सन्ना थाना क्षेत्र में 4-5 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की पूछताछ में जो कहानी सामने आई है, वह किसी को भी झकझोर कर रख देगी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया पर कम समय में ज्यादा पैसा कमाने के तरीके तलाश रहा था। इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का खौफनाक विचार आया। इसी कथित मंशा के चलते उसने मासूम को अपने जाल में फंसाया और उसकी हत्या कर दी।

गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद शुरू हुई तलाश

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी रामजीत राम (36) ने 7 नवंबर 2026 को सन्ना थाने में अपने 4-5 वर्षीय बेटे जितेंद्र राम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवार करीब एक साल पहले मजदूरी करने सन्ना आया था और आमटचुआ नदी डेम के पास झोपड़ी बनाकर रह रहा था।

परिजनों ने बताया कि 5 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे बासुदेव उर्फ टंगनू उनके घर पहुंचा और रामजीत राम सहित एक अन्य परिचित को शराब पीने के लिए अपने साथ ले गया। बाद में सभी अलग-अलग हो गए। जब रामजीत वापस लौटा तो उसका बेटा जितेंद्र झोपड़ी से गायब था।

Read More तीन महीने पुरानी रंजिश का खौफनाक अंजाम, संप्रेक्षण गृह के बाहर घात लगाकर बैठे तीन नाबालिगों ने की हत्या

तलाश के दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उसने बच्चे को बासुदेव के साथ खेत में बनी झोपड़ी की ओर जाते देखा था। इसके बाद परिजनों ने आसपास के गांवों और खेतों में तलाश की, लेकिन मासूम का कोई सुराग नहीं मिला।

Read More रायपुर में दीपक टंडन के होटल और घर पर बिलासपुर पुलिस की दबिश, DVR और पत्नी का मोबाइल जब्त

खेत में गड्ढे के अंदर मिला मासूम का शव

7 नवंबर की सुबह परिजन दोबारा बच्चे की तलाश करते हुए सन्ना गांव के एक खेत में पहुंचे। वहां मक्का की बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी के अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा बच्चे का शव मिला। शव मिट्टी से दबाया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

सोशल मीडिया पर खोजता था अमीर बनने का तरीका

मामले में संदेह के आधार पर पुलिस ने बासुदेव उर्फ टंगनू (27), निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब एक साल से सन्ना में मजदूरी कर रहा था। मजदूरी से मिलने वाली कमाई से वह संतुष्ट नहीं था और कम समय में अधिक पैसा कमाना चाहता था। इसी लालच में वह सोशल मीडिया पर तरह-तरह के तरीके तलाशता रहता था।

पुलिस का दावा है कि इसी दौरान उसके मन में बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

शराब पिलाकर चाकू से रेता गला

पुलिस के अनुसार, आरोपी 5 नवंबर को जितेंद्र को बहला-फुसलाकर गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया था। इसके बाद वह बच्चे को महानदी डेम के पास ले गया और जंगल की ओर घुमाने के बाद वापस लौटा। आरोपी ने सन्ना खुटाटांगर से शराब और मुर्गा खरीदा। झोपड़ी में मुर्गा बनाने के बाद उसने बच्चे को भी शराब पिलाई। पुलिस के मुताबिक, जब बच्चा नशे में सो गया तो आरोपी ने पहले से रखे चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।

बाल्टी में रखे थे शरीर के अंग

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के शरीर से किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रख दी थीं। इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा और खेत के पानी से भरे गड्ढे में छिपा दिया। घटना में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा और बाल्टी को भी उसने बांस के झुरमुट के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था।

आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बच्चे का शव, चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया। आरोपी के खिलाफ सन्ना थाने में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत BNS की धारा 137(1)(बी), 103(1) और 238(ए) में अपराध दर्ज किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव, उप निरीक्षक आभास मिंज सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही।


Tags:

Latest News

दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं: गांव लौट रहा परिवार नदी में समाया, पति-पत्नी और दो बच्चों समेत 4 की दर्दनाक मौत दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं: गांव लौट रहा परिवार नदी में समाया, पति-पत्नी और दो बच्चों समेत 4 की दर्दनाक मौत
समोदा अफीम कांड का खुलासा करने वाले सरपंच अरुण गौतम गिरफ्तार, अधिकारियों पर टिप्पणी करना पड़ा भारी; पहुंचे जेल
जशपुर में दिल दहला देने वाला हत्याकांड: जल्दी अमीर बनने के लालच में मासूम की हत्या, शरीर के अंग निकालकर बाल्टी में छिपाए
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में तेंदुए की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, 48 घंटे बाद मिला शव; वन विभाग की गश्त पर उठे सवाल
जशपुर में दिवाली की सुबह भीषण सड़क हादसा: यात्रियों से भरी बस और ट्रक में जोरदार भिड़ंत, चालक की मौके पर मौत; बाल-बाल बचे यात्री
जहां कभी गूंजती थीं गोलियां, वहां अब जगमगाएंगे दीप! जवानों संग बस्तर में दिवाली मनाएंगे PM मोदी
1000 करोड़ का कथित खेल! हाईकोर्ट का वारंट लेकर रायपुर पहुंची कोलकाता पुलिस, महेंद्र गोयनका की तलाश तेज
दीपक के 2 मोबाइल उगल रहे राज...प्रशासनिक अधिकारी और कुछ पत्रकारों से जुड़े साक्ष्य भी मिले पुलिस रिमांड और बढ़ी....
बालोद में दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं: शराब के नशे में दामाद ने मामा ससुर को टंगिया से काटा, बुजुर्ग की मौत; ग्रामीणों ने खूंटे से बांधा
छोटी दिवाली पर CM विष्णुदेव साय ने बगिया निवास में जलाए दीप, प्रदेशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं
छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठंड, रात के तापमान में एक डिग्री की गिरावट, रायपुर में 19 डिग्री पहुंचा पारा
रायपुर में दीपक टंडन के होटल और घर पर बिलासपुर पुलिस की दबिश, DVR और पत्नी का मोबाइल जब्त