छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत: रायपुर में खड़े ट्रक से जा टकराई बाइक, जांजगीर में स्कूटी-बाइक की भिड़ंत
रायपुर: छत्तीसगढ़ में दो सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियाँ छीन लीं है। रायपुर के गोबरा नवापारा निवासी 40 वर्षीय डेमन साहू और 40 वर्षीय जितेंद्र ध्रुव अपने गांव लौटते वक्त अंधेरे में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकरा गए। ट्रक में लोहे की छड़ें भरी थीं और उसमें किसी तरह का इंडिकेटर या चेतावनी चिन्ह नहीं लगाया गया था। वहीं, जांजगीर चांपा जिले के पामगढ़ इलाके में स्कूटी और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना पामगढ़ थाना क्षेत्र की है। इस तरह दो अलग-अलग हादसों में 3 लोगों की जान चली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 9:15 बजे तेज रफ्तार बाइक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों के सिर फट गए और शरीर पर गहरी चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद उन्हें नवापारा सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
दोनों युवक आसपास ही रहते थे और अच्छे दोस्त थे। उनके परिवारों की आर्थिक जिम्मेदारी भी उन्हीं पर थी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने ट्रक चालक की लापरवाही और पुलिस-प्रशासन की निगरानी की कमी पर सवाल उठाए हैं। इसी दिन जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
