Teacher’s Day 2026: CM साय का शिक्षकों से भावुक आग्रह- ‘हर बच्चे की क्षमता पहचानिए, जो पीछे रह गया उसका हाथ थामिए’
रायपुर। शिक्षक दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के शिक्षकों के नाम एक आत्मीय पत्र लिखकर उन्हें नमन किया है। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने शिक्षक को केवल पाठ पढ़ाने वाला नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य की दिशा तय करने वाला मार्गदर्शक बताया। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन की यादें साझा करते हुए शिक्षा के लिए किए गए संघर्ष और बदलते दौर में शिक्षा व्यवस्था में आए बदलावों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से खास तौर पर उन विद्यार्थियों पर ध्यान देने की अपील की, जो आर्थिक तंगी, झिझक या किसी अन्य वजह से कक्षा में पीछे रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक का भरोसा किसी बच्चे के जीवन में वह बदलाव ला सकता है, जिसकी उसे सबसे ज्यादा जरूरत होती है।
‘पीछे रह गए बच्चे को नजरअंदाज न करें’
सीएम साय ने अपने संदेश में कहा कि हर बच्चे के भीतर कोई न कोई प्रतिभा और संभावना मौजूद होती है। जरूरत सिर्फ उसे पहचानने और सही दिशा देने की है। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि पढ़ाई में कमजोर या संकोची बच्चों को भी उतना ही समय और प्रोत्साहन दें। उन्होंने कहा कि हो सकता है शिक्षक का छोटा-सा भरोसा किसी विद्यार्थी के लिए जीवनभर की ताकत बन जाए। ऐसे में शिक्षक की भूमिका केवल परीक्षा और पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है।
शिक्षा का मतलब सिर्फ किताब और परीक्षा नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य बच्चों को सिर्फ पाठ्यक्रम पूरा कराना नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, संस्कार और प्रतिभा को विकसित करना भी है। शिक्षक बच्चों में सवाल पूछने, आगे बढ़ने और अपने सपनों को पहचानने का साहस पैदा कर सकते हैं।
‘आज मुख्यमंत्री नहीं, उस विद्यार्थी के रूप में धन्यवाद’
अपने पत्र के सबसे भावुक हिस्से में मुख्यमंत्री साय ने अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस पर वह केवल मुख्यमंत्री के तौर पर नहीं, बल्कि उस विद्यार्थी के रूप में भी गुरुजनों को नमन करते हैं, जो कभी गांव के एक छोटे से स्कूल में पढ़ा करता था। उन्होंने कहा कि जीवन में शिक्षकों से मिले संस्कार, अनुशासन और सीख आज भी उनके लिए अमूल्य पूंजी हैं। मुख्यमंत्री का यह संदेश शिक्षक दिवस पर गुरु-शिष्य संबंध की अहमियत और शिक्षा के सामाजिक दायित्व को रेखांकित करता है।
