एसपी कार्यालय के केबिन में निकला सांप, कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकड़ा
कोरबा : जिले के एसपी कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक केबिन के भीतर अचानक सांप दिखाई दिया। सरकारी दफ्तर के केबिन में सांप को देखकर वहां मौजूद कर्मचारियों में दहशत फैल गई। कुछ देर के लिए कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में वन विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद आरसीआरएस (रेप्टाइल केयर एंड रेस्कुएर सोसाइटी) की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक सांप का रेस्क्यू किया।
केबिन में शुरू हुई तलाश, सूझबूझ से पकड़ा सांप
सूचना मिलते ही आरसीआरएस के अध्यक्ष अविनाश यादव अपनी टीम के सदस्य मानस और अतुल के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे। टीम ने बिना किसी जल्दबाजी के केबिन में सांप की तलाश शुरू की। कुछ देर की मशक्कत के बाद टीम के सदस्य बॉबी श्रीवास ने सूझबूझ दिखाते हुए सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। राहत की बात रही कि इस दौरान किसी कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
करैत जैसा दिखता है, लेकिन जहरीला नहीं
रेस्क्यू के बाद सांप की पहचान कॉमन वुल्फ स्नेक के रूप में हुई। इसका रंग और शरीर पर बने निशान करैत से मिलते-जुलते हैं, जिसके कारण अक्सर लोग इसे जहरीला सांप समझकर घबरा जाते हैं। हालांकि, कॉमन वुल्फ स्नेक जहरीला नहीं होता। रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
सांप दिखे तो खुद पकड़ने या मारने की न करें कोशिश
आरसीआरएस की टीम ने लोगों से अपील की है कि घर, खेत, पोल्ट्री फार्म, कार्यालय या अन्य किसी स्थान पर सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं। उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश करने के बजाय वन विभाग अथवा प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना दें। थोड़ी सी लापरवाही इंसान और सांप दोनों के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।
पर्यावरण के संतुलन में अहम भूमिका निभाते हैं सांप
टीम के अनुसार सांप प्रकृति के महत्वपूर्ण जीव हैं। ये चूहों जैसे जीवों की संख्या नियंत्रित रखते हैं, जिससे फसलों को नुकसान कम होता है और कई तरह की बीमारियों के फैलाव पर भी नियंत्रण में मदद मिलती है। वन विभाग और आरसीआरएस की टीम जिले में सांपों के रेस्क्यू के साथ-साथ लोगों को इनके प्रति जागरूक करने का काम भी कर रही है।
