पूर्व सीएम भूपेश बघेल के जन्मदिन पर बीजेपी-कांग्रेस का कार्टूनवार, सोशल मीडिया पर कार्टून पोस्ट से गरमाई सियासत
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजनीति में भूपेश बघेल के जन्मदिन पर भी सियासी तकरार देखने को मिली। बीजेपी की सोशल मीडिया टीम ने पूर्व मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कार्टून पोस्ट किया, जिसमें उन्हें "ठगेश जी" बताकर घोटालों से जोड़ने की कोशिश की गई। कांग्रेस ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे 'आरएसएस की सीख' और 'ओछी राजनीति' करार दिया है। प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने पलटवार करते हुए भूपेश बघेल के कार्यकाल को किसानों और रोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक बताया है।
दरअसल, बीजेपी के एक्स पेज छत्तीसगढ़ बीजेपी में 11.35 बजे एक कार्टून पोस्टर पोस्ट किया गया। इस पोस्टर में कैप्शन लिखा था, कि छत्तीसगढ़ को ATM बनाकर घोटाले से लूटने वाले ठगेश जी को Happy Birthday….। इस पोस्ट में बीजेपी नेताओं ने कार्टून कैरेक्टर के हाथ में स्कैनर पकड़ाया है और उसे भू-पे स्कैनर… कमीशन ऑनली लिखा हुआ है।
बीजेपी सेल ने इस पर कमेंट भी लिखा है, कि सारे घोटालेबाज मित्र, मेरे जन्मदिन पर कमीशन इसी पर भेज दें, यहां ED न आ जाए, इसलिए मैं दिल्ली में जन्मदिन मनाऊंगा। बीजेपी के सोशल मीडिया पेज पर इस पोस्टर पर कमेंट्स की झड़ी लगी है। कांग्रेस नेता इस पोस्टर को देखने के बाद बीजेपी नेताओं पर टिप्पणी कर रहे है।
उधर कांग्रेस नेताओं ने इसे बीजेपी की ओछी राजनीति बताते हुए पलटवार किया। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने कहा, कि “भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने किसानों की कर्जमाफी, धान खरीदी और रोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम किए।
बीजेपी के पास जनता को दिखाने लायक कोई काम नहीं है, इसलिए वे कार्टून और फर्जी प्रोपगेंडा का सहारा लेते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब आरएसएस की वही सोच है, जिसमें प्रतिद्वंद्वी को व्यक्तिगत स्तर पर नीचा दिखाना राजनीति का हिस्सा बना दिया जाता है।
