बिलासपुर पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, NDPS एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थों का बड़े पैमाने पर नष्टीकरण
बिलासपुर : नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए जब्त मादक पदार्थों के विशाल भंडार को नष्ट कर दिया। पुलिस ने बुलडोजर चलाकर हजारों नशीली गोलियों और कैप्सूलों को नष्ट किया, वहीं कफ सिरप की सैकड़ों शीशियों को भी नष्टीकरण की कार्रवाई में शामिल किया। इसके साथ ही विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में जब्त 302 किलो से अधिक गांजे को आग के हवाले कर दिया गया। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने साफ संदेश दिया कि नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थो के दुरुपयोग के खिलाफ उसकी मुहिम लगातार जारी रहेगी। राज्य सरकार के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष एवं बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह की मौजूदगी और निर्देशन में यह कार्रवाई संपन्न हुई। नष्टीकरण का मुख्य उद्देश्य जब्त मादक पदार्थों के दोबारा इस्तेमाल, अवैध बिक्री और दुरुपयोग की आशंका को समाप्त करना है।
302 किलो गांजा समेत चरस और ब्राउन शुगर नष्ट
नष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान कुल 302.642 किलोग्राम गांजा, 9.38 ग्राम चरस और 2.9 ग्राम ब्राउन शुगर को नष्ट किया गया। वहीं मेडिकल नशे के रूप में इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित एवं जब्त दवाओं पर भी कार्रवाई की गई। इसमें 9,641 इंजेक्शन, 11,610 नशीली गोलियां, कफ सिरप की 1,989 शीशियां और 248 कैप्सूल शामिल रहे। बड़ी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की यह कार्रवाई नशे के अवैध नेटवर्क पर अंकुश लगाने और जब्त सामग्री को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी हुई कार्रवाई
पूरी कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में की गई। इस दौरान समिति के सदस्य एवं एएसपी (सिटी) पंकज कुमार पटेल, सहायक आबकारी आयुक्त नवनीत तिवारी तथा क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी मौजूद रहे।
नशे के नेटवर्क पर पुलिस की नजर, अभियान रहेगा जारी
एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का जोर न केवल मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने, बल्कि नशे के अवैध नेटवर्क को कमजोर करने और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने पर भी है। बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने नशे के अवैध कारोबारियों को सख्त संदेश दिया है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
