छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, 24 नवंबर से बढ़ेगी ठंड; 2 से 4 डिग्री तक गिरेगा रात का पारा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है, तो कहीं सुबह कोहरे और रात में ठंड का असर देखने को मिल रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए नया पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 24 नवंबर से प्रदेश में रात की ठंड बढ़ने लगेगी। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। वहीं, आज यानी 23 नवंबर को भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। हालांकि, बारिश को लेकर किसी भी जिले में विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कमजोर पड़ेंगी। इसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से ठंड का असर बढ़ जाएगा।
दरअसल, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र 22 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे तक सक्रिय रहा। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसी मौसमी प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बादल छाए रहने और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। मौसम प्रणाली का असर कम होने के बाद प्रदेश में ठंड बढ़ने की संभावना जताई गई है।
जगदलपुर में सबसे अधिक तापमान, कई इलाकों में बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान जगदलपुर में 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान भी जगदलपुर में 15.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे दिन और रात के तापमान में अंतर देखने को मिला।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में बारिश भी दर्ज की गई। दुलदुला और पत्थलगांव में सबसे ज्यादा 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा बागबहरा, वाड्रफनगर, भैयाथान, जशपुरनगर और रामानुजगंज में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
रायपुर में सुबह कोहरा, शाम होते ही बढ़ रही ठंड
राजधानी रायपुर में भी मौसम का बदला हुआ मिजाज देखने को मिल रहा है। सुबह के समय कोहरा छाने के बाद दिन में धूप निकल रही है, लेकिन शाम होते ही ठंड का एहसास बढ़ जाता है। सोमवार सुबह भी मौसम में ठंडक बनी रही। मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार आज रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
रविवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 29.1 और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माना में अधिकतम तापमान 29.9 और न्यूनतम 18 डिग्री, बिलासपुर में 26.5 और 20.6 डिग्री, अंबिकापुर में 27.1 और 19.2 डिग्री तथा दुर्ग में अधिकतम 28.6 और न्यूनतम 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
24 नवंबर से बढ़ेगी सर्दी
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के बाद प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 24 नवंबर से न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू होने की संभावना है। आने वाले दिनों में रात का पारा 2 से 4 डिग्री तक नीचे जा सकता है। ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा। फिलहाल प्रदेशवासियों को कुछ इलाकों में बारिश, सुबह कोहरा और शाम को बढ़ती ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
