बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पंजाब के अमृतसर से पकड़ा गया हेरोइन तस्करी का मुख्य सप्लायर, चिट्टा नेटवर्क का होगा खुलासा
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क के कथित मुख्य सप्लायर को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा बताया जा रहा है। बिलासपुर पुलिस की एसीसीयू और सकरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब पुलिस के सहयोग से दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका खंगालने में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में की गई। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस लगातार संदिग्ध तस्करों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान तकनीकी इनपुट और पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पंजाब के अमृतसर तक पहुंचने में सफलता मिली।
दीपक वालिया की गिरफ्तारी से खुला तस्करी का नेटवर्क
मामले की शुरुआत 24 अक्टूबर को हुई थी। उस दिन सकरी थाना क्षेत्र के उसलापुर बाजार के पास पुलिस ने दीपक वालिया (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। आरोपी मूल रूप से अमृतसर, पंजाब का निवासी है और वर्तमान में उसलापुर, बिलासपुर में रह रहा था।
पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। जब्त नशीले पदार्थ की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये आंकी गई थी। इसके अलावा आरोपी के पास से 10,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए थे। इस मामले में थाना सकरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद दीपक वालिया को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था।
पूछताछ में सामने आया अमृतसर के सप्लायर का नाम
दीपक वालिया से पूछताछ के दौरान पुलिस को हेरोइन की सप्लाई से जुड़े अहम सुराग मिले। बिलासपुर साइबर सेल से प्राप्त तकनीकी इनपुट और आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि नशे की सप्लाई के तार पंजाब के अमृतसर से जुड़े हुए हैं।
जांच के दौरान रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू का नाम सामने आया, जिसे पुलिस इस मामले में मुख्य सप्लायर मान रही है। इसके बाद एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू बिलासपुर और थाना सकरी की विशेष टीम को पंजाब रवाना किया गया। टीम ने आरोपी की लोकेशन और अन्य जानकारियां जुटाकर गिरफ्तारी की योजना बनाई।
अमृतसर में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा
बिलासपुर से पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से अमृतसर में दबिश दी और रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महेंद्रा एवेन्यू, सुल्तान विंड, अमृतसर (पंजाब) का निवासी बताया गया है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को बिलासपुर लेकर आई। यहां थाना सकरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पंजाब से बिलासपुर तक नशे की सप्लाई कैसे पहुंचाई जा रही थी और इस अवैध कारोबार में किन-किन लोगों की भूमिका थी। पुलिस सप्लाई चेन, संपर्कों और नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शिंदे, एएसआई सुरेंद्र तिवारी, राजेश्वरधर दीवान तथा एसीसीयू के आरक्षक राकेश यादव और रमेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
