बाथरूम का फर्श धंसा तो खुला जमीन का राज! घर के नीचे मिला 60 फीट गहरा पुराना कुआं, नजारा देखने उमड़ी भीड़
इटावा। शहर के बरहीपुरा चौक में रविवार रात एक पुराने मकान में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बारिश के बीच बाथरूम का फर्श अचानक धंस गया। परिवार ने जब नीचे झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। फर्श के नीचे करीब 50 से 60 फीट गहरा पुराना कुआं नजर आया। घर के भीतर कुआं होने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। राहत की बात यह रही कि जिस वक्त फर्श धंसा, उस समय बाथरूम में कोई मौजूद नहीं था।
बरहीपुरा चौक में जैन मंदिर के पास शांति देवी का मकान है, जहां उनके बेटे अपने परिवार के साथ रहते हैं। रविवार को बाथरूम के फर्श का एक हिस्सा अचानक नीचे चला गया। पहले परिवार ने इसे सामान्य जमीन धंसने की घटना समझा, लेकिन नीचे गहरी संरचना दिखाई देने पर मामला गंभीर नजर आया। इसके बाद सूचना पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी गई। मौके पर पहुंची अस्तल चौकी पुलिस ने आसपास के लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी है।
घर के अंदर कुआं देखकर परिवार में दहशत
कुएं के सामने आने के बाद परिवार के लोग भी डर गए हैं। मकान में छोटे बच्चों समेत परिवार के सदस्य रहते हैं, ऐसे में फर्श के नीचे मौजूद गहरी संरचना ने सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचकर इस अनोखी घटना को देखने लगे। हालांकि, कुआं कितना पुराना है और मकान के निर्माण से पहले यह वहां मौजूद था या किसी पुराने ढांचे का हिस्सा है, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन से मदद की मांग
परिवार आर्थिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक सामने आए इस गहरे कुएं को सुरक्षित तरीके से भरना या बंद करना परिवार के लिए आसान नहीं है। ऐसे में प्रशासन से मौके का तकनीकी निरीक्षण कराने और परिवार को आवश्यक मदद उपलब्ध कराने की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस और स्थानीय स्तर पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अब जांच के बाद ही साफ होगा कि घर के नीचे मिला यह कुआं आखिर कितने वर्षों पुराना है और जमीन के भीतर इतने समय तक कैसे छिपा रहा।
