Chhath Puja 2026: रायपुर में आज से छठ महापर्व की शुरुआत, महादेव घाट पर होगी भव्य पूजा, 70 से अधिक स्थानों पर जुटेंगे श्रद्धालु
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार, 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। चार दिवसीय इस महापर्व को लेकर शहर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। खारुन नदी स्थित महादेव घाट सहित शहर के 70 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन किया जाएगा। छठ महापर्व आयोजन समिति महादेव घाट रायपुर ने इस वर्ष पूजा को भव्य और उत्साहपूर्ण तरीके से मनाने की तैयारी की है। वहीं, जिला प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
छठ महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि समिति ने इस वर्ष छठ पूजा को विशेष भव्यता के साथ आयोजित करने का निर्णय लिया है। महादेव घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। घाटों की सफाई, पूजा स्थल की व्यवस्था और अन्य जरूरी तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रायपुर के महादेव घाट, व्यास तालाब सहित शहर के विभिन्न तालाबों और जलाशयों के किनारे श्रद्धालु छठ पूजा करेंगे। इसके अलावा नवा रायपुर अटल नगर स्थित झांझ तालाब में भी भव्य आयोजन होगा। छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, भिलाई-दुर्ग, कोरबा और बस्तर समेत अन्य शहरों में भी छठ महापर्व पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
13 से 16 नवंबर तक होंगे छठ महापर्व के आयोजन
चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी। इसके बाद 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा। 15 नवंबर को व्रती महिलाएं और पुरुष अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच छठी मैया का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
छठ पूजा के लिए बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। पूजा में इस्तेमाल होने वाली बांस की टोकरी (दउरा), सूप, डाला, नारियल, गन्ना, लौकी, अदरक, कच्ची हल्दी, सिंघाड़ा, चकोतरा और मौसमी फलों की खरीदारी शुरू हो गई है। पूजा सामग्री की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। पर्व को देखते हुए बाजारों में विशेष तैयारियां की गई हैं।
डूबते और उगते सूर्य की उपासना का अनूठा पर्व है छठ
छठ महापर्व को षष्ठी पूजा और सूर्य षष्ठी व्रत के नाम से भी जाना जाता है। यह कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाने वाला प्रमुख हिंदू लोकपर्व है। इस पर्व में सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना की जाती है। छठ पूजा की सबसे खास परंपरा डूबते और उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य देना है।
संतान की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली की कामना के लिए श्रद्धालु कठिन व्रत रखते हैं। छठ के अनुष्ठान चार दिनों तक चलते हैं। इसमें पवित्र स्नान, सात्विक भोजन, उपवास, खरना, जल में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देना और छठी मैया को प्रसाद अर्पित करना शामिल है। कई व्रती निर्जला उपवास भी रखते हैं।
देश-विदेश में मनाया जाता है छठ महापर्व
छठ पूजा मुख्य रूप से बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और नेपाल के तराई क्षेत्रों में विशेष श्रद्धा के साथ मनाई जाती है। हालांकि, अब यह पर्व देश के लगभग सभी प्रमुख शहरों के साथ विदेशों में भी भारतीय संस्कृति और परंपरा की पहचान बन चुका है। नेपाल, मॉरीशस, फिजी, सूरीनाम, गुयाना, अमेरिका, ब्रिटेन और अन्य देशों में रहने वाले भारतीय मूल के लोग भी पूरे उत्साह के साथ छठ महापर्व मनाते हैं।
बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश से निकलकर देश-विदेश में बसे लोगों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को आज भी जीवित रखा है। रायपुर में भी पूर्वांचल समाज के लोग बड़ी संख्या में इस पर्व में शामिल होते हैं। घाटों पर पारंपरिक गीतों, पूजा-अर्चना और सामूहिक आयोजन से भक्तिमय माहौल देखने को मिलेगा। शुक्रवार से शुरू हो रहे इस महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
