सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 20 हजार रुपए का सामान बरामद
बिलासपुर : सरकंडा थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले एक आदतन चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। बरामद सामान की कीमत लगभग 20 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार इमलीभाठा निवासी शिवशंकर जगत 28 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे परिवार के साथ राखी का त्योहार मनाने तखतपुर गए थे। अगले दिन 29 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे जब वे वापस घर पहुंचे तो मकान का ताला टूटा मिला। घर के अंदर सामान देखने पर टीवी, मिक्सी, डीवीडी, स्पीकर और पीतल के बर्तन समेत कई सामान गायब थे। इसके बाद उन्होंने सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी और चोरी के सामान की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि इमलीभाठा निवासी शनी राव (24) चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
नशे की लत के चलते चोरी
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि नशे की लत के कारण उसने 28 अगस्त की देर रात करीब 2 से 2:30 बजे सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की थी। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी बोरी से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक टीवी, दो मिक्सी, तीन डीवीडी, चार छोटे बफर, पांच बड़े बफर, दो पीतल की थाली और एक पौना बरामद किया है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1270/2026, धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। आरोपी सरकंडा बंधवापारा इमलीभाठा निवासी शनी राव (पिता संतोष राव) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई।
