- Hindi News
- अपराध
- DMF और शराब घोटाले पर EOW की बड़ी कार्रवाई से भ्रष्टाचारियों में हड़कंप EOW ने बताया आज 19 ठिकानों प...
DMF और शराब घोटाले पर EOW की बड़ी कार्रवाई से भ्रष्टाचारियों में हड़कंप EOW ने बताया आज 19 ठिकानों पर हुई
रायपुर। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने प्रदेश के बहुचर्चित जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) और आबकारी घोटालों को लेकर बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। ईओडब्ल्यू ने कार्रवाई पूरी होने के बाद एक संक्षिप्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी है कि इन दोनों घोटालों से जुड़े कुल 19 परिसरों पर छापे डाले गए थे, जहां से महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए गए हैं।
भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे इस ऑपरेशन क्लीन ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अब किसी की भी दाल गलने वाली नहीं है।
ईओडब्ल्यू की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डीएमएफ प्रकरण में 11 जगहों पर जबकि आबकारी घोटाला मामले में 8 परिसरों पर सर्च कार्यवाही की गई है। डीएमएफ घोटाला से जुड़े मुख्य आरोपी हरपाल सिंह अरोड़ा और उनसे संबंधित ठेकेदारों के ठिकानों को निशाना बनाया गया। इन 11 परिसरों में से रायपुर में चार, बिलासपुर में दो, सरगुजा में दो तथा कोंडागांव, धमतरी और बलरामपुर में एक-एक परिसर में सर्च कार्यवाही की गई।
इसी तरह, राज्य के राजस्व को करोड़ों का चूना लगाने वाले आबकारी घोटाला मामले में जेल में बंद आरोपियों अनिल टुटेजा और निरंजन दास के परिजनों से जुड़े आठ परिसरों पर छापा कार्यवाही की गई। इसमें बिलासपुर में चार परिसर, रायपुर में दो और दुर्ग तथा बस्तर में एक-एक परिसर शामिल है।
ईओडब्ल्यू ने विज्ञप्ति में साफ किया कि छापा कार्यवाही के दौरान टीम ने घोटाले से संबंधित अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल सबूत जब्त किए हैं। सूत्रों का कहना है कि इन इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से अब यह स्पष्ट होगा कि भ्रष्ट अधिकारियों और उनके सहयोगियों के बीच पैसे का लेनदेन और घोटाले का पूरा नेटवर्क कैसे काम कर रहा था। जाहिर है, अब तक पर्दे के पीछे से खेल रहे कई बड़े 'खिलाड़ियों' की नींद उड़ चुकी होगी। जब्त साक्ष्यों के गहन विश्लेषण के बाद, जांच एजेंसी की अगली कार्रवाई तय होगी और गिरफ्तारियों का सिलसिला शुरू होने की पूरी संभावना है।
लेखक के विषय में
मणिशंकर पांडेय National Jagat Vision के संस्थापक, मालिक एवं मुख्य संपादक हैं। वे निष्पक्ष, सटीक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनका उद्देश्य देश-दुनिया की सच्ची और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुँचाना है।
