महादेव सट्टा एप: सीबीआई रिमांड में सौरभ का बड़ा खुलासा; हर महीने 50-50 लाख की प्रोटेक्शन मनी बांटता था रवि उप्पल
8 दिन की पूछताछ में खुले कई राज, 508 करोड़ वाले वीडियो पर मुख्य प्रमोटर की चुप्पी, 10 अफसरों और 5 कारोबारियों को नोटिस।
रायपुर। महादेव सट्टा एप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ने सीबीआई की 8 दिन की रिमांड के दौरान कई बड़े राज उगले हैं। जांच एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक, सौरभ ने पूछताछ में साफ किया है कि पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों और राजनेताओं तक 'प्रोटेक्शन मनी' पहुंचाने का पूरा जिम्मा उसके सहयोगी रवि उप्पल के पास था। उप्पल हर महीने दो बार 50-50 लाख रुपये की मोटी रकम अफसरों और नेताओं तक पहुंचाता था, जबकि पैनल संचालन और हवाला के जरिए लेन-देन की पूरी व्यवस्था सौरभ खुद संभालता था।
हवाला के जरिए चलता था पूरा खेल, खरीदी गईं बेनामी संपत्तियां
सीबीआई जांच में यह बात सामने आई है कि सट्टे की पूरी रकम हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजी जाती थी। विदेश से ही यह पैसा वापस सिस्टम में आता था और नेताओं व पुलिस अफसरों को प्रोटेक्शन मनी के तौर पर दिया जाता था। जांच एजेंसी का आरोप है कि इसी अवैध कमाई से कई रसूखदारों ने बड़े पैमाने पर संपत्तियां खरीदी हैं। सौरभ के इस बयान के बाद सीबीआई ने कार्रवाई तेज करते हुए 10 पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों और 5 स्थानीय कारोबारियों को नोटिस जारी कर रायपुर स्थित कार्यालय में तलब किया है।
508 करोड़ के वीडियो पर सौरभ ने झाड़ा पल्ला
सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान जब सीबीआई के जांच अधिकारियों ने शुभम सोनी के उस चर्चित वीडियो का जिक्र किया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को 508 करोड़ रुपये देने का दावा किया गया था, तो सौरभ चंद्राकर सवालों को टाल गया। उसने सीधे तौर पर जवाब देने से बचते हुए कहा, "इस बारे में जो भी जानकारी है, वह शुभम सोनी से पूछो।" इस चुप्पी ने इस बड़े राजनीतिक पहलू को फिलहाल और उलझा दिया है।
ED और CBI के आंकड़ों में 88 हजार करोड़ का झोल
महादेव एप घोटाले में एक और बड़ा सवाल दोनों केंद्रीय जांच एजेंसियों के दावों को लेकर उठ रहा है। सूत्रों के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय (ED) अपनी जांच में घोटाले और काली कमाई की रकम 94,000 करोड़ रुपये बता रही है। वहीं, सीबीआई ने अपनी एफआईआर में इस घोटाले को 6,000 करोड़ रुपये का बताया है। दोनों एजेंसियों के आंकड़ों में 88 हजार करोड़ रुपये का यह भारी अंतर है, जिससे यह सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर असली आंकड़ा क्या है।
ब्लॉक होने के बाद भी जारी रहा नेटवर्क
केंद्र सरकार ने साल 2023 में महादेव एप समेत 22 सट्टेबाजी वाले एप्स को ब्लॉक किया था। इसके बावजूद, यह नेटवर्क नए-नए नामों और नए डोमेन के जरिए लगातार चलता रहा। जांच एजेंसियों ने अब तक इस मामले में 4000 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति अटैच की है। कार्रवाई के दौरान करीब 2000 सिम कार्ड और 1700 बैंक खाते ब्लॉक किए गए हैं।
अब तक 116 आरोपी, 30 की गिरफ्तारी
महादेव सट्टा एप केस में अब तक 116 लोगों को आरोपी बनाया जा चुका है। इनमें से 30 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें पैनल ऑपरेटर, हवाला कारोबारी और कुछ स्थानीय मददगार शामिल हैं।
हर महीने पैसा लेने वाले नेता और अधिकारी कौन?
हर महीने लाखों की प्रोटेक्शन मनी लेने वाले वो अधिकारी और नेता कौन हैं, इसका खुलासा होना अभी बाकी है। सीबीआई द्वारा तलब किए गए 10 अफसरों की सूची बाहर आने से यह साफ हो सकेगा कि सरकारी सिस्टम में कौन-कौन सट्टेबाजों की मदद कर रहा था।
सीबीआई अब तलब किए गए अधिकारियों और कारोबारियों का आमना-सामना सौरभ के बयानों और जब्त किए गए दस्तावेजों से कराएगी। माना जा रहा है कि पूछताछ के बाद राज्य के कई चेहरे बेनकाब हो सकते हैं और नई गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।
