बिलासपुर हिंसा मामले में अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश जारी, सीसीटीवी और सोशल मीडिया पर भी नजर
बिलासपुर : शहर में बीते दिनों दो पक्षों के बीच हुई हिंसा के मामले में बिलासपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, हिंसा में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे फोटो और वीडियो की भी निगरानी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अपराध क्रमांक 488/2026 में 8 गिरफ्तार
सिटी कोतवाली थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 488/2026 के मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में खपरगंज निवासी मौला बख्श उर्फ जब्बू, शेख अजहरुद्दीन उर्फ अज्जू, मोहम्मद जाहिद खान, सफीक अहमद उर्फ राजा खान, शाकिर उर्फ सोनू, मोहम्मद लाइक, सरकंडा निवासी रेहान अली उर्फ ईरानी और खपरगंज निवासी मोहम्मद जुनेद शामिल हैं।
दूसरे मामले में तीन आरोपी पकड़े गए
इसी तरह अपराध क्रमांक 489/2026 में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें राजू यादव उर्फ नान, सरकंडा निवासी राकेश यादव उर्फ रिंकू और छत्रपाल साहू शामिल हैं। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने आम लोगों से की अपील
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास हिंसा से जुड़े ऐसे फोटो, वीडियो या अन्य सामग्री है, जिसमें आरोपियों की पहचान स्पष्ट हो सकती है, तो वह पुलिस को उपलब्ध कराएं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की है। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
