जेल में था निरीक्षक, विभाग ने सुने बिना थमा दिया बर्खास्तगी का फरमान, हाई कोर्ट ने किया निरस्त

जेल में था निरीक्षक, विभाग ने सुने बिना थमा दिया बर्खास्तगी का फरमान, हाई कोर्ट ने किया निरस्त

बिलासपुर : जेल की सलाखों के पीछे होने का मतलब यह नहीं कि किसी कर्मचारी से अपना पक्ष रखने का अधिकार भी छीन लिया जाए। विभागीय कार्रवाई में निष्पक्ष सुनवाई के इसी सिद्धांत को अहमियत देते हुए छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने सीआरपीएफ के एक निरीक्षक की बर्खास्तगी को निरस्त कर दिया है। विभाग ने निरीक्षक को जेल में रहते हुए अपना बचाव रखने का पर्याप्त अवसर दिए बिना ही सेवा से बाहर कर दिया था। जस्टिस ए के प्रसाद की सिंगल बेंच ने विभाग की इस कार्रवाई को प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत मानते हुए बर्खास्तगी और अपील खारिज करने के आदेश रद्द कर दिए। कोर्ट ने निरीक्षक वाई के सोलोमन को बिना पिछले वेतन के सेवा में बहाल करने का निर्देश दिया है। हालांकि, विभाग को नियमानुसार नए सिरे से विभागीय जांच करने की छूट भी दी गई है।

प्रशिक्षण के दौरान विवाद, मारपीट के बाद हुई थी मौत

मणिपुर निवासी वाई के सोलोमन सीआरपीएफ में निरीक्षक के पद पर पदस्थ था। वर्ष 2015 में अंबिकापुर में प्रशिक्षण के दौरान 2 अगस्त को उनका संजय सिंह नामक व्यक्ति से विवाद हो गया था। विवाद के बाद मारपीट की घटना हुई और उपचार के दौरान 11 अक्टूबर 2015 को संजय सिंह की मौत हो गई। इस मामले में सोलोमन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया।

Read More छत्तीसगढ़ में वन विभाग में बड़ा फेरबदल, 102 वनक्षेत्रपालों के तबादले

जेल में रहते हुए मांगा था सुनवाई का मौका, विभाग ने नहीं मानी बात

Read More छत्तीसगढ़ में DA बढ़ाने की मांग तेज, दिवाली से पहले 5% महंगाई भत्ता एरियर सहित देने की मांग

आपराधिक मामले के बीच सीआरपीएफ ने भी सोलोमन के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी। विभाग का आरोप था कि उन्होंने घटना की जानकारी छिपाई और इस आचरण से बल की छवि प्रभावित हुई। इस दौरान सोलोमन न्यायिक हिरासत में थे। उन्होंने विभाग को लिखित रूप से जानकारी देते हुए बताया कि जेल में रहते हुए अपना बचाव करना और जांच में प्रभावी ढंग से शामिल होना संभव नहीं है। उन्होंने जमानत पर रिहा होने के बाद विभागीय जांच शुरू करने का अनुरोध भी किया था। लेकिन विभाग ने उनके इस अनुरोध पर विचार नहीं किया। उनकी अनुपस्थिति में ही विभागीय जांच पूरी कर ली गई और जांच रिपोर्ट के आधार पर 3 सितंबर 2018 को उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के खिलाफ उनकी अपील भी 11 मई 2022 को खारिज कर दी गई।

आपराधिक मामले में बरी, फिर भी बहाली नहीं

इस बीच आपराधिक मामले में सोलोमन को राहत मिली। अंबिकापुर के तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश ने 1 नवंबर 2021 को उन्हें संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। इसके बाद उन्होंने सेवा में बहाली के लिए विभाग के समक्ष अपील की, लेकिन 11 मई 2022 को उनकी अपील खारिज कर दी गई। आखिरकार उन्होंने विभाग के दोनों आदेशों को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

हाई कोर्ट: अपना पक्ष रखने का वास्तविक अवसर मिलना जरूरी

याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई कि जब वह न्यायिक हिरासत में थे, तब विभाग को स्पष्ट रूप से बता दिया गया था कि जेल में रहते हुए अपना बचाव करना संभव नहीं है। इसके बावजूद विभाग ने उनकी परेशानी और जांच स्थगित करने के अनुरोध पर विचार किए बिना एकतरफा कार्रवाई कर दी। वहीं केंद्र सरकार की ओर से कहा गया कि सोलोमन ने घटना की जानकारी विभाग को नहीं दी थी, इसलिए विभागीय कार्रवाई उचित थी। यह भी दलील दी गई कि याचिकाकर्ता को वैकल्पिक अपील का रास्ता अपनाना चाहिए था।

दोनों पक्षों को सुनने के बाद जस्टिस ए के प्रसाद की सिंगल बेंच ने स्पष्ट किया कि आपराधिक मामले में संदेह का लाभ मिलने से विभागीय कार्रवाई अपने आप समाप्त नहीं हो जाती। आपराधिक मुकदमे और विभागीय जांच में साक्ष्य के मूल्यांकन तथा प्रमाण के मानक अलग-अलग होते हैं। इसलिए आपराधिक मामले में बरी होने का आधार अकेले विभागीय कार्रवाई को खत्म करने के लिए पर्याप्त नहीं है।

बचाव का मौका दिए बिना गंभीर दंड देना उचित नहीं

कोर्ट ने पाया कि निरीक्षक सोलोमन ने न्यायिक हिरासत में रहते हुए विभाग को जवाब भेजा था और अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए सुनवाई टालने का अनुरोध किया था। इसके बावजूद विभाग ने उनके अनुरोध पर उचित विचार किए बिना जांच पूरी कर बर्खास्तगी का आदेश जारी कर दिया। कोर्ट ने इसे प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों और निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार के विपरीत माना। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व निर्णयों का उल्लेख करते हुए हाई कोर्ट ने कहा कि किसी कर्मचारी को गंभीर दंड देने से पहले उसे अपना पक्ष रखने का वास्तविक और प्रभावी अवसर दिया जाना आवश्यक है। केवल औपचारिक रूप से जांच की प्रक्रिया पूरी कर देना निष्पक्ष सुनवाई की कसौटी पर पर्याप्त नहीं है।

बर्खास्तगी और अपील के आदेश निरस्त, बहाली का रास्ता साफ

हाई कोर्ट ने 3 सितंबर 2018 के बर्खास्तगी आदेश और 11 मई 2022 के अपील आदेश को निरस्त कर दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निरीक्षक वाई के सोलोमन को सेवा में बहाल करने का निर्देश दिया है। हालांकि, उन्हें पिछला वेतन (बैक वेजेस) नहीं मिलेगा। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि विभाग चाहे तो कानून के प्रावधानों के तहत उन्हें अपना पक्ष रखने का उचित अवसर देते हुए नए सिरे से विभागीय जांच कर सकता है। 

Tags:

Latest News

जेल में था निरीक्षक, विभाग ने सुने बिना थमा दिया बर्खास्तगी का फरमान, हाई कोर्ट ने किया निरस्त जेल में था निरीक्षक, विभाग ने सुने बिना थमा दिया बर्खास्तगी का फरमान, हाई कोर्ट ने किया निरस्त
संजू त्रिपाठी हत्याकांड में आया फैसला, सबूतों के अभाव में भाई कपिल समेत सभी 22 आरोपी बरी
ट्रेडिंग एप पर 19.85 लाख का मुनाफा दिखाया, खाते में नहीं आया 1 भी रुपया, दो लोगों से 15.20 लाख की ठगी
युवती की आत्महत्या के मामले में आरोपी को हाई कोर्ट से राहत, सात साल की सजा रद्द
CBSE ने 10वीं में बदला नियम, जिससे बदल गया छात्रों की बोर्ड परीक्षा का पूरा पैटर्न
तलाक के बाद बदला नाम तो डिग्रियों में भी मिलेगी पहचान, हाईकोर्ट का बड़ा फैसला
रायपुर में ED की बड़ी कार्रवाई, 3 से 4 ठिकानों पर एक साथ दबिश, अनवर ढेबर के घर भी पहुंची टीम , बिलासपुर के अलका एवेन्यू में कोल व्यापारी के घर दबिश.....
चार्जशीट में एक और खुलासा: 2009 के एनीकट घोटाले में जिस अफसर पर एफआईआर, विभाग ने उसे ही थमा दी सबूतों वाले दफ्तर की चाबी; बिना दस्तावेजों के कोर्ट में खात्मा पेश
छत्तीसगढ़ में मुस्लिम अधिकारियों की अहम जिम्मेदारी, भाजपा संगठन में भी मिल रहा प्रतिनिधित्व; सियासत में छिड़ी नई बहस
वाह रे जल संसाधन विभाग, तेरी माया अपरम्पार! पंचायत सचिव को बना दिया कार्यपालन अभियंता, नियम-कायदों की उड़ी धज्जियां
छत्तीसगढ़ में चक्रवात अर्नब का असर: आज भी रायपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
30 अक्टूबर 2026 राशिफल: मेष से मीन तक जानिए सभी 12 राशियों का हाल, किसे मिलेगा भाग्य का साथ और किसे रहना होगा सावधान