10 जनवरी से शुरू होगी डिजिटल स्व-गणना, 25 जनवरी से प्रगणक घर-घर पहुंचकर जुटाएंगे जानकारी, 33 जिलों में चलेगा महाअभियान

10 जनवरी से शुरू होगी डिजिटल स्व-गणना, 25 जनवरी से प्रगणक घर-घर पहुंचकर जुटाएंगे जानकारी, 33 जिलों में चलेगा महाअभियान

रायपुर : छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी और प्रदेश के हर व्यक्ति तक पहुंचने के लिए 72 हजार 769 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की बड़ी टीम मैदान में उतरेगी। खास बात यह है कि नागरिक घर बैठे भी अपनी जानकारी दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक स्व-गणना की सुविधा मिलेगी। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी तक कर्मचारी घर-घर पहुंचकर जनसंख्या की गणना करेंगे। जनगणना के इस चरण में केवल लोगों की संख्या ही नहीं गिनी जाएगी, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक स्थिति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी जुटाई जाएंगी। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर आने वाले वर्षों में सरकार की विकास योजनाओं, नीतियों और संसाधनों के वितरण की दिशा तय होगी। लिहाजा इस बार जनगणना को लेकर प्रशासन का जोर आंकड़ों की शुद्धता, पारदर्शिता और समयबद्धता पर है।

घर बैठे खुद दर्ज करा सकेंगे अपनी जानकारी

जनगणना-2027 में पहली बार नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प दिया जा रहा है। 10 से 24 जनवरी तक लोग डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। जानकारी जमा होने के बाद एक आईडी जनरेट होगी, जिसे घर पहुंचने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा। हालांकि, स्व-गणना करना पूरी तरह ऐच्छिक है। जो नागरिक इस सुविधा का लाभ नहीं लेना चाहते, उनकी जानकारी प्रगणक घर पहुंचकर दर्ज करेंगे। 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके बाद 1 से 5 मार्च तक पुनरीक्षण का काम होगा, ताकि किसी व्यक्ति या परिवार की जानकारी छूटने अथवा दर्ज आंकड़ों में गलती की गुंजाइश कम से कम रहे।

Read More बेमेतरा दौरे पर रहेंगे PCC चीफ दीपक बैज, मारो में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की लेंगे बैठक; निकाय चुनाव की रणनीति पर होगा मंथन

33 जिलों के गांवों और शहरों में चलेगा अभियान

Read More छात्रावास की जमीन पर JCB चली तो भड़के छात्र, बाउंड्रीवाल तोड़ने पर कलेक्टर से शिकायत, सीमांकन होने तक काम रोकने की मांग

प्रदेश के सभी 33 जिलों, 14 नगर निगमों, 19,978 गांवों और 195 नगरीय क्षेत्रों में जनगणना का काम किया जाएगा। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर 47 प्रमुख जनगणना अधिकारियों और 472 चार्ज के माध्यम से व्यवस्था तैयार की गई है। प्रदेश में करीब 60,682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इनमें आरक्षित कर्मचारियों को मिलाकर 62,102 प्रगणकों और 10,667 पर्यवेक्षकों की तैनाती की आवश्यकता होगी। इस तरह कुल 72,769 कर्मचारी इस महत्वपूर्ण अभियान को अंजाम देंगे। व्यवस्था के तहत लगभग छह प्रगणकों की जिम्मेदारी एक पर्यवेक्षक के पास रहेगी।

धर्म, जाति, दिव्यांगता और प्रजनन से जुड़े सवाल भी होंगे शामिल

द्वितीय चरण में प्रगणक निर्धारित प्रश्नों के जरिए प्रत्येक व्यक्ति से जानकारी प्राप्त करेंगे। इसमें जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक स्थिति के साथ प्रजनन, दिव्यांगता, धर्म एवं जाति जैसे महत्वपूर्ण विषयों से संबंधित सवाल भी शामिल होंगे। भारत की जनगणना की डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल वृषाली वराडे ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और राज्यों की विकास योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति की सही जानकारी दर्ज होना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण देने तथा सोशल मीडिया के जरिए लोगों को जागरूक करने की अपील की।

मोबाइल एप से होगी गणना, 16 भाषाओं में मिलेगी सुविधा

इस बार जनगणना का पूरा काम डिजिटल तकनीक के जरिए किया जाएगा। इसके लिए विशेष मोबाइल एप तैयार किया गया है, जो 16 भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने पर भी प्रगणक ऑफलाइन जानकारी दर्ज कर सकेंगे। बाद में कनेक्टिविटी मिलने पर डेटा सिस्टम में अपडेट किया जा सकेगा। जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (सीएमएमएस) पोर्टल के माध्यम से गणना ब्लॉकों का गठन, कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपने, प्रशिक्षण और पूरे अभियान की निगरानी की जाएगी। नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के लिए पासवर्ड, ओटीपी और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल होगा।

मकान सूचीकरण के बाद अब आबादी की बारी

जनगणना का पहला चरण मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का था। अब उसी आधार पर तैयार मकान सूचीकरण ब्लॉकों को जनसंख्या गणना ब्लॉकों में बदला जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक में औसतन 800 लोगों की आबादी रखी जाएगी। जहां आबादी अधिक होगी, वहां जरूरत के मुताबिक उप-गणना ब्लॉक बनाए जाएंगे। इस प्रक्रिया में नई बस्तियों, झुग्गी क्षेत्रों, बहुमंजिला इमारतों और आवासीय व व्यावसायिक भवनों को भी शामिल किया जाएगा। मकान सूचीकरण ब्लॉकों की सीमाओं में विसंगतियों, दोहराव और छूटे हुए क्षेत्रों को 30 नवंबर 2026 तक दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

पांच चरणों में प्रशिक्षण, दिसंबर से मैदान में तैयारी

जनगणना की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए पांच स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था बनाई गई है। राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स तथा जिला एवं चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। अब फील्ड ट्रेनर्स को 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को चार्ज स्तर पर प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण में केवल तकनीकी जानकारी ही नहीं, बल्कि परिवारों से संवाद स्थापित करने और सही जानकारी सहजता से हासिल करने के तरीके भी बताए जाएंगे।

कलेक्टरों को सख्त निर्देश, अफवाहों पर तत्काल रोक लगाने की तैयारी

शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सभी जिला कलेक्टरों, संभागायुक्तों और जिला जनगणना अधिकारियों को तय समय-सीमा में काम पूरा करने तथा मैदानी स्तर पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि पहले चरण का काम बेहतर ढंग से पूरा हुआ है। अब दूसरे चरण को भी पूरी गंभीरता से संपन्न करना होगा। कलेक्टर स्वयं दिशा-निर्देशों का अध्ययन करें और अपनी टीम को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपें। उन्होंने प्रगणकों के प्रशिक्षण, नियमित मॉनिटरिंग और नागरिकों के साथ सहज संवाद पर विशेष जोर दिया। साथ ही जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

जनगणना की जानकारी का प्रमाण पत्र या सरकारी पात्रता से नहीं होगा संबंध

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को यह भी स्पष्ट करने के निर्देश दिए कि जनगणना के दौरान नागरिकों से ली जाने वाली जानकारी का उद्देश्य केवल जनसंख्या संबंधी आंकड़े जुटाना है। इसका किसी प्रमाण पत्र अथवा अन्य शासकीय योजना की पात्रता से कोई संबंध नहीं है। नागरिकों के मन में किसी तरह का भ्रम नहीं रहना चाहिए। अपर मुख्य सचिव निहारिका बारिक ने ग्रामीण क्षेत्रों और बस्तर के हाट-बाजारों तक जनजागरूकता अभियान पहुंचाने का सुझाव दिया। वहीं जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल ने बताया कि दिसंबर 2026 के मध्य से 28 फरवरी 2027 तक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसमें विभिन्न विभागों की मदद से लोगों को जनगणना की तारीखों, प्रक्रिया और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के बारे में बताया जाएगा।

Tags:

Latest News

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: यूएई से गिरफ्तार होकर रायपुर पहुंचा सुब्बू, 30 नवंबर तक EOW रिमांड पर छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: यूएई से गिरफ्तार होकर रायपुर पहुंचा सुब्बू, 30 नवंबर तक EOW रिमांड पर
10 जनवरी से शुरू होगी डिजिटल स्व-गणना, 25 जनवरी से प्रगणक घर-घर पहुंचकर जुटाएंगे जानकारी, 33 जिलों में चलेगा महाअभियान
महिला आरक्षण का विरोध करने वाले राजनीतिक परिदृश्य से हो जाएंगे बाहर: अजय चंद्राकर, शराब घोटाले पर ED से की बड़ी मांग
छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस आज: रायपुर में होगा राज्य स्तरीय समारोह, CM विष्णुदेव साय करेंगे शुभारंभ; 14 साहित्यिक कृतियों का होगा विमोचन
टंडन फ़ाइल्स अपडेट....भ्रामक खबर मामले में द हनी बैजर का कथित संपादक कोमल चौबे गिरफ्तार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर दौरे पर, सोलर पावर प्लांट का करेंगे उद्घाटन; सोहरई करम महोत्सव में होंगे शामिल
कौन हैं संजय पाठक? सी एम के ही विभाग में सीएम और सचिव के नाम पर कथित वसूली कैसे चल रही है?
28 नवंबर 2026 राशिफल: शनिवार को इन 5 राशियों की चमकेगी किस्मत! जानें मेष से मीन तक सभी 12 राशियों का हाल
छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए नौकरी का बड़ा मौका: कोरबा में 4 दिसंबर को लगेगा संभाग स्तरीय रोजगार मेला, 1,355 पदों पर होगी भर्ती
शराब घोटाले का मुख्य मनीमैन सुब्बू दुबई से डिपोर्ट, 30 नवंबर तक रिमांड पर
छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठिठुरन, अंबिकापुर में 8.9 डिग्री पहुंचा पारा; अगले 5 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
पाराघाट से जयराम नगर तक... 87 साल पुरानी पट्टिकाओं में दर्ज है रेलवे के गौरवशाली इतिहास की कहानी