पाराघाट से जयराम नगर तक... 87 साल पुरानी पट्टिकाओं में दर्ज है रेलवे के गौरवशाली इतिहास की कहानी
बिलासपुर : भारतीय रेल का इतिहास केवल पटरियों और स्टेशनों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें उन लोगों का योगदान भी शामिल है, जिन्होंने रेल नेटवर्क के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दपूम रेलवे के बिलासपुर मंडल का जयराम नगर स्टेशन ऐसी ही ऐतिहासिक विरासत को संजोए हुए है। करीब 87 साल पुराना संगमरमर का शिलालेख और नाम पट्टिकाएं आज भी स्टेशन परिसर में सुरक्षित हैं।
पाराघाट से जयराम नगर बना स्टेशन
बिलासपुर से करीब 14 किलोमीटर दूर स्थित इस स्टेशन का पुराना नाम पाराघाट था। 1 सितंबर 1939 को तत्कालीन बंगाल-नागपुर रेलवे ने इसका नाम बदलकर जयराम नगर रखा था। यह नाम रेलवे निर्माणकर्ता, समाजसेवी और उद्योगपति राय बहादुर जयराम वैलजी चौहान के सम्मान में रखा गया था।
अरपा नदी पर पुल निर्माण में निभाई अहम भूमिका
गुजरात के कच्छ क्षेत्र के कुंभारिया गांव में 1892 में जन्मे जयराम वैलजी चौहान का परिवार रेलवे निर्माण कार्यों से जुड़ा था। उन्होंने बंगाल-नागपुर रेलवे के लिए कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य किए। वर्ष 1921 से 1929 के बीच पाराघाट के पास शिविर स्थापित कर अरपा नदी पर रेल पुल का निर्माण कराया। साथ ही बिलासपुर–रायगढ़ रेलखंड के दोहरीकरण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका मुख्य कार्यालय रायगढ़ में था।
आज भी सुरक्षित हैं 87 साल पुरानी संगमरमर की पट्टिकाएं
स्टेशन के नाम परिवर्तन की स्मृति में जयराम वैलजी चौहान ने स्टेशन परिसर में संगमरमर का स्मृति शिलालेख और दोनों ओर नाम पट्टिकाएं स्थापित कराई थीं। करीब 87 साल पुरानी ये पट्टिकाएं आज भी सुरक्षित हैं और उस दौर के रेलवे इतिहास की याद दिलाती हैं। रेलवे निर्माण और जनकल्याण के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें वर्ष 1941 में 'राय बहादुर' की उपाधि से सम्मानित किया गया था। वर्ष 1956 में रायगढ़ में उनका निधन हुआ।
चौथी रेल लाइन से बढ़ेगी परिचालन क्षमता
जिस बिलासपुर–रायगढ़ रेलखंड के दोहरीकरण में जयराम वैलजी चौहान ने योगदान दिया था, उसी रेल मार्ग पर आज रेलवे क्षमता विस्तार की दिशा में काम कर रहा है। दपूम रेलवे द्वारा बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच करीब 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना पूरी होने से यात्री और मालगाड़ियों के परिचालन को गति मिलेगी।
ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण की पहल
दपूम रेलवे ने जयराम नगर स्टेशन पर मौजूद ऐतिहासिक शिलालेख और नाम पट्टिकाओं को सुरक्षित रखने के लिए इनके नीचे चबूतरे का निर्माण भी कराया है। रेलवे की यह पहल न केवल पुरानी धरोहरों को सहेजने का प्रयास है, बल्कि यात्रियों को भारतीय रेल के गौरवशाली इतिहास और उसके निर्माण में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों से परिचित कराने का माध्यम भी है।
