शराब घोटाले का मुख्य मनीमैन सुब्बू दुबई से डिपोर्ट, 30 नवंबर तक रिमांड पर
एसीबी ईओडब्ल्यू चीफ की टीम मुंबई के रास्ते देर रात रायपुर लाई, धमतरी और रायपुर समेत पांच शहरों में ईडी की दबिश
रायपुर। छत्तीसगढ़ के 3200 करोड़ रुपए के शराब घोटाले में फरार विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को शुक्रवार को दुबई से भारत लाया गया है। 1280 करोड़ रुपए की गड़बड़ी के आरोपी सुब्बू को सीबीआई ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ ईओडब्ल्यू के समन्वय से यूएई से डिपोर्ट कराया। देर रात 11:30 बजे उसे रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। एजेंसी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय से 6 दिसंबर तक रिमांड मांग रखी थी, जिस पर अदालत ने 30 नवंबर तक रिमांड मंजूर कर ली है।
ईओडब्ल्यू ने विकास को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और आईपीसी के तहत दर्ज मामले में आरोपी बनाया है। एजेंसी के मुताबिक, वह शराब सिंडिकेट का मुख्य वित्तीय समन्वयक यानी मनीमैन था और पूरा हिसाब किताब संभालता था। उस पर डिस्टिलरीज से कमीशन वसूलने, सरकारी अधिकारियों व सिंडिकेट से जुड़े लोगों तक रकम पहुंचाने और अवैध कमाई कंपनियों के जरिए खपाने का आरोप है। जांच एजेंसी के अनुसार, 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण प्रणाली की गड़बड़ियों से राज्य के खजाने को 3200 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ।
मामले में नवंबर 2024 में अदालत में चार्जशीट पेश की गई थी। विकास अक्टूबर 2023 से फरार था और परिवार के साथ दुबई में रह रहा था। गिरफ्तारी वारंट जारी होने पर सीबीआई की इंटरपोल शाखा ने उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया। इसी आधार पर यूएई के अधिकारियों ने उसकी लोकेशन खोजकर उसे गिरफ्तार किया।
दुबई एयरपोर्ट पर हैंडओवर, मुंबई से रायपुर लाई टीम
कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद विकास को भारत भेजा गया। उसे लाने एसीबी और ईओडब्ल्यू के चीफ अमरेश मिश्रा, डीएसपी राहुल शर्मा और रोशन आहूजा यूएई पहुंचे थे। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यूएई के अधिकारियों ने विकास को भारतीय टीम के सुपुर्द किया। शुक्रवार को टीम उसे लेकर मुंबई पहुंची और वहां से देर रात रायपुर लाया गया। इसके बाद उसे विशेष अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया।
दुबई के दो कमरों में चार महीने रखी रही 1200 करोड़ की नकदी
हवाला से दुबई भेजे गए 1200 करोड़ रुपए का ब्योरा जुटाना जांच एजेंसियों के लिए चुनौती है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि सुब्बू के दुबई भागने पर रायपुर के एक शराब कारोबारी के बेटे ने वहां एक युवती और पिता पुत्र को भेजा था। युवती होटल कर्मचारी थी। हवाला से पहुंची रकम को दिरहम और डॉलर में बदलकर दो कमरों में चार महीने सुरक्षित रखा गया।
कारोबारी के बेटे, युवती और पिता पुत्र ने नकदी की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाई। रकम अलग अलग जगहों पर निवेश या स्थानांतरित होने पर वे इस काम से मुक्त हुए। युवती वहां से कनाडा चली गई, जहां वह मैनेजमेंट का काम कर रही है। पिता पुत्र अब भी दुबई में हैं, जबकि कारोबारी का बेटा वहां आता जाता रहा। एजेंसी को शक है कि दुबई भेजी रकम में दो नेताओं, एक अधिकारी और दो कारोबारियों की हिस्सेदारी है। सुब्बू से पूछताछ में इस लेनदेन, निवेश और पैसा भारत लौटने की पड़ताल होगी।
धमतरी और रायपुर समेत पांच शहरों में ईडी की दबिश
घोटाले की छानबीन में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय ने पांच शहरों में दबिश दी। रायपुर के जोरा में होमगार्ड और जेल के सहायक वित्त अधिकारी राजेंद्र सिंह के मकान पर टीम सुबह 11 बजे पहुंची। फिलहाल जेल विभाग में पदस्थ राजेंद्र के आवास पर देर शाम तक तलाशी चली। भिलाई में होटल कारोबारी के ठिकाने पर भी दबिश दी गई।
धमतरी में अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह के सरकारी बंगले पर भी टीम पहुंची। उस वक्त उनके पति और हाल में जेल से छूटे निलंबित आबकारी अधिकारी नवीन प्रताप सिंह तोमर मौके पर मौजूद थे। ईडी ने दस्तावेज खंगालने के साथ उनसे पूछताछ की। राजनांदगांव और बिलासपुर में भी आबकारी अधिकारियों और शराब कारोबार से जुड़े संबंधित लोगों के ठिकानों की जांच हुई।
तीन तरीकों से होती थी अवैध वसूली
एजेंसियों के मुताबिक, अवैध वसूली तीन तरीकों से होती थी। पार्ट ए में 496 करोड़ रुपए डिस्टिलरीज को सरकारी शराब सप्लाई ठेके के बदले प्रति पेटी कमीशन से वसूलने का आरोप है। पार्ट बी में 1173 करोड़ रुपए बिना आबकारी शुल्क चुकाए तैयार शराब पर नकली होलोग्राम लगाकर सरकारी दुकानों से बेचने की बात सामने आई है। पार्ट सी में 280 करोड़ रुपए विदेशी शराब सप्लाई के एफएल 10ए लाइसेंस, बोतल, ट्रांसपोर्ट और मैनपावर ठेकों के कमीशन से वसूलने का आरोप है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, अवैध कमाई विभिन्न कंपनियों और संपत्तियों में निवेश की गई। प्रकरण में अब तक 30 गिरफ्तारियां हुई हैं और 85 लोगों को आरोपी बनाया गया है। एक हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है।
