छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: यूएई से गिरफ्तार होकर रायपुर पहुंचा सुब्बू, 30 नवंबर तक EOW रिमांड पर

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: यूएई से गिरफ्तार होकर रायपुर पहुंचा सुब्बू, 30 नवंबर तक EOW रिमांड पर

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। 1,280 करोड़ रुपये से अधिक की कथित आर्थिक अनियमितताओं के मामले में फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को यूएई से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है। रायपुर की रिमांड कोर्ट ने उसे 30 नवंबर तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की रिमांड पर सौंप दिया है। वहीं, दूसरी ओर शराब घोटाले से जुड़े मैनपावर और ओवरटाइम घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने प्रदेश के पांच शहरों में छापेमारी की है।

यूएई से प्रत्यर्पण के बाद रायपुर पहुंचा आरोपी

विकास अग्रवाल को शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे रायपुर की रिमांड कोर्ट में पेश किया गया। एसीबी की विशेष अदालत में न्यायाधीश की अनुपस्थिति के चलते उसे रिमांड कोर्ट में पेश किया गया। यहां EOW ने पूछताछ के लिए आरोपी की रिमांड मांगी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने 30 नवंबर तक रिमांड मंजूर कर दी। अदालती प्रक्रिया पूरी होने के बाद रात 12:33 बजे अधिकारी उसे एसीबी-EOW कार्यालय लेकर पहुंचे। सोमवार को उसे दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल ने विकास अग्रवाल के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। इसके आधार पर यूएई की एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद CBI ने विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के समन्वय से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी कर उसे भारत लाया। ईओडब्ल्यू आईजी अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में डीएसपी रोशन आहूजा और राहुल शर्मा की टीम आरोपी को रायपुर लेकर पहुंची।

Read More कांकेर में ACB का बड़ा एक्शन: डेढ़ लाख की रिश्वत लेते GST असिस्टेंट कमिश्नर गिरफ्तार, रायपुर-जगदलपुर टीम ने बिछाया जाल

शराब सिंडिकेट का मनीमैन होने का आरोप

जांच एजेंसी के मुताबिक, विकास अग्रवाल कथित शराब सिंडिकेट में फंड मैनेजर यानी मनीमैन की भूमिका निभाता था। उसे कारोबारी अनवर ढेबर का करीबी और राइट हैंड बताया गया है। आरोप है कि वह शराब कारोबार से जुड़े लोगों और अधिकारियों के बीच कमीशन की रकम के लेनदेन और प्रबंधन में मदद करता था।

Read More कोयला लेवी घोटाले में रामगोपाल अग्रवाल को हाईकोर्ट से झटका, नियमित जमानत याचिका खारिज

एजेंसी का दावा है कि वर्ष 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में कथित अनियमितताओं से राज्य के खजाने को 1,280 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। विकास के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराने की कार्रवाई वर्ष 2022 में की गई थी। नवंबर 2024 में इस मामले में आरोपपत्र भी दाखिल किया जा चुका है। बताया जाता है कि भारत से बाहर रहने के दौरान वह यूएई में बोस्टन कंसल्टिंग नामक कंपनी में मैनेजर के पद पर काम कर रहा था।

बचाव पक्ष ने उठाए प्रत्यर्पण प्रक्रिया पर सवाल

अदालत में बचाव पक्ष के अधिवक्ता शशांक मिश्रा ने भारत और यूएई के बीच प्रत्यर्पण संधि तथा प्रत्यर्पण अधिनियम का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि आरोपी पर उसी अपराध के तहत कार्रवाई और ट्रायल होना चाहिए, जिसके आधार पर उसे भारत लाया गया है। प्रत्यर्पण के आधार से अलग कोई नया अपराध नहीं जोड़ा जाना चाहिए। बचाव पक्ष ने प्रत्यर्पण से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने और पूछताछ के दौरान मानवाधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की।

पांच शहरों में ED की छापेमारी

इधर, शुक्रवार को ED ने कथित मैनपावर और ओवरटाइम घोटाले की जांच के सिलसिले में रायपुर, धमतरी, भिलाई, राजनांदगांव और बिलासपुर में कई ठिकानों पर छापेमारी की। रायपुर के जोरा स्थित सहायक वित्त अधिकारी राजेंद्र सिंह के आवास, धमतरी में अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह के सरकारी बंगले और भिलाई में होटल कारोबारी के ठिकानों पर जांच की गई।

इसके अलावा राजनांदगांव और बिलासपुर में आबकारी अधिकारियों तथा शराब कारोबार से जुड़े लोगों के यहां भी दस्तावेज खंगाले गए। ED की टीम ने जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्य भी जुटाए। धमतरी में कार्रवाई के दौरान निलंबित आबकारी अधिकारी नवीन प्रताप सिंह तोमर भी मौजूद थे।

शराब घोटाले की जांच में अब तक क्या हुआ

छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले की जांच ED और ACB-EOW कर रही हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में अनिल टुटेजा, एपी त्रिपाठी और अनवर ढेबर से जुड़े कथित सिंडिकेट के जरिए आर्थिक अनियमितताएं की गईं।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, शुरुआती जांच में घोटाले की राशि 2,161 करोड़ रुपये आंकी गई थी, जो बाद में बढ़कर 2,883 करोड़ और फिर 3,200 करोड़ रुपये तक बताई गई। वहीं, कथित सिंडिकेट के जरिए 1,200 से 1,280 करोड़ रुपये की गड़बड़ी का आरोप है। ED इस मामले में करीब 1,000 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क या जब्त करने की कार्रवाई कर चुकी है।

इस मामले में कवासी लखमा, सौम्या चौरसिया, अनिल टुटेजा, एपी त्रिपाठी, अनवर ढेबर और चैतन्य बघेल समेत कई प्रमुख आरोपियों को जमानत मिल चुकी है। हालांकि, अलग-अलग मामलों में कुछ आरोपियों की कानूनी स्थिति अलग है। विकास अग्रवाल के प्रत्यर्पण और ED की ताजा छापेमारी से शराब घोटाले की जांच एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

Tags:

Latest News

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: यूएई से गिरफ्तार होकर रायपुर पहुंचा सुब्बू, 30 नवंबर तक EOW रिमांड पर छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: यूएई से गिरफ्तार होकर रायपुर पहुंचा सुब्बू, 30 नवंबर तक EOW रिमांड पर
10 जनवरी से शुरू होगी डिजिटल स्व-गणना, 25 जनवरी से प्रगणक घर-घर पहुंचकर जुटाएंगे जानकारी, 33 जिलों में चलेगा महाअभियान
महिला आरक्षण का विरोध करने वाले राजनीतिक परिदृश्य से हो जाएंगे बाहर: अजय चंद्राकर, शराब घोटाले पर ED से की बड़ी मांग
छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस आज: रायपुर में होगा राज्य स्तरीय समारोह, CM विष्णुदेव साय करेंगे शुभारंभ; 14 साहित्यिक कृतियों का होगा विमोचन
टंडन फ़ाइल्स अपडेट....भ्रामक खबर मामले में द हनी बैजर का कथित संपादक कोमल चौबे गिरफ्तार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर दौरे पर, सोलर पावर प्लांट का करेंगे उद्घाटन; सोहरई करम महोत्सव में होंगे शामिल
कौन हैं संजय पाठक? सी एम के ही विभाग में सीएम और सचिव के नाम पर कथित वसूली कैसे चल रही है?
28 नवंबर 2026 राशिफल: शनिवार को इन 5 राशियों की चमकेगी किस्मत! जानें मेष से मीन तक सभी 12 राशियों का हाल
छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए नौकरी का बड़ा मौका: कोरबा में 4 दिसंबर को लगेगा संभाग स्तरीय रोजगार मेला, 1,355 पदों पर होगी भर्ती
शराब घोटाले का मुख्य मनीमैन सुब्बू दुबई से डिपोर्ट, 30 नवंबर तक रिमांड पर
छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठिठुरन, अंबिकापुर में 8.9 डिग्री पहुंचा पारा; अगले 5 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
पाराघाट से जयराम नगर तक... 87 साल पुरानी पट्टिकाओं में दर्ज है रेलवे के गौरवशाली इतिहास की कहानी