रायपुर SSP के साथ DSP ने बनाई शॉर्ट फिल्म, सड़क सुरक्षा का दिया सशक्त संदेश
रायपुर/ राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने एक अनोखी पहल की है। ट्रैफिक डीएसपी सतीश ठाकुर अब केवल सड़कों पर नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ी शॉर्ट फिल्म में हीरो के रूप में भी नज़र आए हैं। यह फिल्म मालवाहक गाड़ियों में सवारी बैठाने के खतरों को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बनाई गई है।
फिल्म में डीएसपी ठाकुर ने 'गंगुआ' नामक एक ग्रामीण किसान का किरदार निभाया है। कहानी के अनुसार, गंगुआ को गांव की एक बारात में शामिल होने का निमंत्रण मिलता है, लेकिन बारात मालवाहक गाड़ी और ट्रैक्टर में जा रही होती है। गंगुआ इसका खुलकर विरोध करता है और सभी को सवारी वाहन से ही जाने की सलाह देता है। फिल्म के क्लाइमेक्स में गंगुआ बारात को रोककर उसे सवारी गाड़ी में रवाना करता है। इस दृश्य में डीएसपी ठाकुर के हैवी मसल्स भी देखने को मिलते हैं, जो उनकी फिटनेस को दर्शाता है।
डीएसपी ठाकुर असल जीवन में भी बेहद फिट हैं। वे पिछले 25-30 वर्षों से नियमित एक्सरसाइज कर रहे हैं। उनका मानना है कि पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक रूप से फिट रहना अनिवार्य है और यह उनकी हॉबी भी है।
यह शॉर्ट फिल्म एक वास्तविक हादसे से प्रेरित है। बीते हफ्ते खरोरा में एक मालवाहक वाहन ट्रेलर से टकरा गया, जिसमें छठी कार्यक्रम से लौट रहे 13 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस और जिला प्रशासन ने आउटर ग्रामीण इलाकों में जागरूकता अभियान तेज किया है। जिसमें मालवाहक ड्राइवर संघ की बैठकें और जन संवाद कार्यक्रम भी शामिल हैं।
फिल्म में रायपुर एसएसपी डॉ. उमेद सिंह भी नजर आए हैं। उन्होंने वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करते हुए कहा:
-
मालवाहक गाड़ियों में सवारी न बैठाएं
-
सभी दस्तावेज (लाइसेंस, बीमा, आरसी, परमिट आदि) वाहन में रखें
-
वैध लाइसेंस धारक को ही वाहन चलाने दें
-
नशे की हालत में वाहन न चलाएं
-
ओवरस्पीड और ओवरलोड वाहन से बचें
-
सीट बेल्ट और सही लेन का उपयोग करें
-
नो पार्किंग में गाड़ी खड़ी न करें
एसएसपी ने बताया कि भारत में हर साल लगभग 1.5 लाख लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत होती है। इनमें से कई जानें गोल्डन आवर (पहले 30 मिनट) में मदद न मिलने से चली जाती हैं। आमजन की सोच होती है कि मदद करने पर उन्हें पुलिस पूछताछ और कोर्ट पेशी का सामना करना पड़ेगा, इसलिए वे वीडियो बनाकर निकल जाते हैं।
