रायपुर में ट्रैफिक सुधारने प्रशासन का बड़ा अभियान: 9 प्रमुख मार्गों से हटेगा अतिक्रमण, 4 दिन में 1,162 वाहनों के चालान
रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए यातायात पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त अभियान तेज कर दिया है। शहर के प्रमुख मार्गों पर सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर दुकान लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वहीं, नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों पर भी यातायात पुलिस सख्ती बरत रही है। 24 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत पिछले चार दिनों में 1,162 वाहन चालकों के ई-चालान काटे गए हैं। प्रशासन ने शहर के नौ प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में यह कार्रवाई की जा रही है। अभियान में नगर निगम की टीम प्रहरी और यातायात पुलिस संयुक्त रूप से शामिल हैं। दोनों विभागों की टीमें शहर के व्यस्त इलाकों में पहुंचकर सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के साथ यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों पर भी नजर रख रही हैं।
नवभारत प्रेस और डीडी नगर में हुई कार्रवाई
27 नवंबर को अभियान के तहत रजबंधा मैदान स्थित नवभारत प्रेस के आसपास और डीडी नगर क्षेत्र में कार्रवाई की गई। डीडी नगर में गायत्री हॉस्पिटल से गोल चौक होते हुए रिंग रोड नंबर-1 के रायपुरा चौक तक सड़क और फुटपाथ पर लगाए गए ठेले तथा अस्थायी दुकानों को हटाया गया। इस दौरान नगर निगम की टीम ने छह ठेले और 15 ग्लो साइन बोर्ड एवं होर्डिंग जब्त किए।
प्रशासन का कहना है कि सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से दुकानें लगाने के कारण पैदल चलने वालों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। इससे कई जगह यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बनती है। इसी समस्या को देखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
इन 9 प्रमुख मार्गों पर चलेगा अभियान
नगर निगम और यातायात पुलिस ने शहर के नौ प्रमुख मार्गों और व्यस्त क्षेत्रों को अभियान के लिए चिह्नित किया है। इनमें शारदा चौक, कालीबाड़ी, तेलीबांधा, फाफाडीह, पंडरी, भाटागांव, टाटीबंध, पचपेड़ी नाका और भनपुरी शामिल हैं।
इन सभी इलाकों में सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के साथ दोबारा कब्जा नहीं करने की समझाइश दी जा रही है। प्रशासन की नजर उन स्थानों पर भी है, जहां ठेले, अस्थायी दुकानें और विज्ञापन बोर्ड यातायात में बाधा बनते हैं।
नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों पर भी कार्रवाई
अतिक्रमण हटाने के साथ यातायात पुलिस ने नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया है। पिछले चार दिनों में कुल 1,162 वाहनों के ई-चालान काटे गए हैं। इसमें 24 नवंबर को 329, 25 नवंबर को 308, 26 नवंबर को 201 और 27 नवंबर को 324 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
आगे भी जारी रहेगी सख्ती
अभियान के दौरान ठेला संचालकों, दुकानदारों और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी जा रही है। दुकानदारों से सड़क और फुटपाथ पर सामान नहीं रखने तथा वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही गाड़ियां खड़ी करने की अपील की गई है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर के प्रमुख मार्गों और व्यस्त बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने तथा नो-पार्किंग के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस और नगर निगम ने नागरिकों एवं व्यापारियों से सहयोग की अपील की है, ताकि राजधानी की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
