बीजापुर में माओवादियों के डंप से मिला 4.29 करोड़ का सोना, 24 लाख नकद भी बरामद; जमीन में गाड़कर रखा था खजाना

बीजापुर में माओवादियों के डंप से मिला 4.29 करोड़ का सोना, 24 लाख नकद भी बरामद; जमीन में गाड़कर रखा था खजाना

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। इन्द्रावती नदी के आसपास घने जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए माओवादी डंप से पुलिस ने 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, सोने के 33 बिस्किट और नकदी को एक स्टील के डिब्बे में भरकर जमीन के अंदर छिपाया गया था। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को माओवादियों के आर्थिक नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है।

इन्द्रावती नदी के जंगल में चलाया गया सर्चिंग अभियान

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के इन्द्रावती नदी के आसपास के जंगल में माओवादी डंप छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में विशेष अभियान की योजना बनाई गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में DRG, थाना भैरमगढ़ और BDS की संयुक्त टीम गठित की गई। इसके बाद सुरक्षा बलों ने जंगल में सर्चिंग अभियान शुरू किया। संयुक्त टीम ने थाना भैरमगढ़ से लगभग 8 से 10 किलोमीटर दूर इन्द्रावती नदी के नजदीक चिन्हित स्थान पर तलाशी अभियान चलाया।

Read More महादेव सट्टा केस से प्रमोटरों का नाम हटवाने के लिए वकील हिमांशु को हवाला से मिले 180 करोड़ रुपए

इस दौरान BDS टीम ने डिमाइनिंग और सर्चिंग की कार्रवाई की। तलाशी के दौरान जमीन के अंदर दबाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद हुआ। जब टीम ने डिब्बे को खोलकर उसकी जांच की तो उसके अंदर सोने के बिस्किट और भारी मात्रा में नकदी मिली।

Read More NEET पास कर मेडिकल कॉलेज पहुंचा, दो विषयों में बैक ने तोड़ दिया हौसला, पीजी के कमरे में मिला एमबीबीएस छात्र का शव

स्टील के डिब्बे में मिले सोने के 33 बिस्किट

पुलिस के मुताबिक, बरामद स्टील के डिब्बे में सोने के कुल 33 बिस्किट रखे हुए थे। प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला बताया गया है। इस तरह कुल 330 तोला यानी लगभग 3.84 किलोग्राम सोना बरामद किया गया। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये आंकी गई है।

सोने के अलावा डिब्बे में टेप से लिपटा एक पैकेट भी मिला। इसमें 500-500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद रखे हुए थे। इस तरह एक ही माओवादी डंप से सोना और नकदी मिलाकर करोड़ों रुपये की संपत्ति बरामद हुई है।

पुलिस ने बरामद सोने और नकदी को अपने कब्जे में लेकर थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही बरामद संपत्ति के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।

अब तक 8.24 करोड़ नकद और 12.34 किलो सोना बरामद

बीजापुर जिले में माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं। पुलिस के अनुसार, लगातार कार्रवाई के चलते जिले के अलग-अलग इलाकों से माओवादी डंप बरामद किए जा रहे हैं।

अब तक की कार्रवाई में कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है। ताजा कार्रवाई में इन्द्रावती नदी के जंगल से मिली सोने और नकदी की बड़ी खेप को सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

इस बरामदगी से माओवादी संगठनों के पास जमा आर्थिक संसाधनों को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस का मानना है कि लगातार चलाए जा रहे सर्चिंग अभियानों से माओवादी नेटवर्क को कमजोर करने में मदद मिल रही है।

Tags:

Latest News

राजनांदगांव में खूनी संघर्ष: पहले लोहे की पाइप और बोतल से हमला, फिर अस्पताल में चाकूबाजी; तीन आरोपी गिरफ्तार राजनांदगांव में खूनी संघर्ष: पहले लोहे की पाइप और बोतल से हमला, फिर अस्पताल में चाकूबाजी; तीन आरोपी गिरफ्तार
रूस के कामचटका में 6.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, धरती कांपने से मची हलचल, सुनामी का खतरा नहीं
एआई फोटो से उगाही: द हनी बैजर का कथित संपादक कोमल चौबे गिरफ्तार 
श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ बनी करियर की सबसे लंबी फिल्म, CBFC से मिला U/A 16+ सर्टिफिकेट; 4 दिसंबर को सलमान खान की ‘मातृभूमि’ से होगा मुकाबला
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को डिजिटल बना रहा ‘तुंहर टोकन’ ऐप, घर बैठे किसानों को मिल रहा टोकन; जानिए कैसे बदली व्यवस्था
बीजापुर में माओवादियों के डंप से मिला 4.29 करोड़ का सोना, 24 लाख नकद भी बरामद; जमीन में गाड़कर रखा था खजाना
शिक्षकों और कर्मचारियों पर प्रशासन का शिकंजा, अब डिजिटल हाजिरी से ही मिलेगा वेतन, वीएसके ऐप की उपस्थिति के आधार पर बनेगा ई-बिल
छत्तीसगढ़ में परिसीमन से बढ़ेंगी विधानसभा और लोकसभा की सीटें! 90 से 135 विधायक और 11 से 17 सांसद होने की संभावना, CM साय ने बताया बड़ा फायदा
महासमुंद में आबकारी टीम पर शराब कोचियों का हमला, 6 कर्मचारी घायल; सरकारी वाहन में जमकर तोड़फोड़
राजस्व वसूली में ढिलाई पर आयुक्त सख्त, अधिकारियों-कर्मचारियों के वेतन रोकने के दिए निर्देश
बीड में मेडिकल कॉलेज की छात्रा से यौन उत्पीड़न का आरोप, प्रोफेसर डॉक्टर अनीस अहमद गिरफ्तार
रायपुर में ट्रैफिक सुधारने प्रशासन का बड़ा अभियान: 9 प्रमुख मार्गों से हटेगा अतिक्रमण, 4 दिन में 1,162 वाहनों के चालान