एआई फोटो से उगाही: द हनी बैजर का कथित संपादक कोमल चौबे गिरफ्तार
बिलासपुर कोर्ट ने स्वीकार की दो दिन की रिमांड, पूछताछ में जीजा और बहन संग गिरोह चलाने की बात कबूली
बिलासपुर। ऑनलाइन पोर्टल और सोशल मीडिया पर एआई तकनीक से बनी फर्जी तस्वीरों के जरिए उगाही के मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने फरार आरोपी कोमल प्रसाद चौबे (42) को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। कोमल द हनी बैजर न्यूज का कथित संपादक और मुख्य आरोपी दीपक टंडन का साला है। बिलासपुर न्यायालय ने उसकी दो दिन की रिमांड स्वीकार की है। इससे पहले जिला अदालत दीपक की जमानत अर्जी खारिज कर चुकी है।
पुलिस पूछताछ में कोमल ने स्वीकार किया कि वह अपने जीजा दीपक टंडन, बहन बरखा टंडन और पोर्टल के कर्मचारियों व सहयोगियों संग संगठित गिरोह चला रहा था। खबरों की आड़ में उगाही का यह पारिवारिक कारोबार प्रतिष्ठित लोगों की छवि बिगाड़कर रकम वसूलता था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में कुछ विशेष सहयोगियों और उच्च अधिकारियों के नाम भी सामने आए हैं, जबकि रैकेट से जुड़े अन्य कर्मचारियों और सहयोगियों की पहचान कर ली गई है।
साले के घर दबिश देकर पकड़ा गया फरार आरोपी...
मामला 29 अक्टूबर 2026 का है, जब राष्ट्रीय जगत पहल और राष्ट्रीय जगत विजन ग्रुप के प्रबंध संपादक मनीशंकर पांडे ने सिरगिट्टी थाने में लिखित शिकायत की थी। आरोप है कि द हनी बैजर न्यूज के संचालकों ने एआई से उनकी तस्वीरों में छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक और फर्जी फोटो तैयार की। फिर अभद्र, तथ्यहीन और भ्रामक शीर्षकों के साथ पोर्टल व सोशल मीडिया पर प्रसारित कर संस्था व प्रबंध संपादक की छवि खराब करने तथा दबाव बनाने की कोशिश की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर सिरगिट्टी थाने में अपराध क्रमांक 798/2026 दर्ज हुआ। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 308, 111, 3(5), छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम 2005 की धारा 4 व 5 और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) लगाई गई है। साईं नगर, रविग्राम, रायपुर निवासी कोमल केस दर्ज होने के बाद से फरार था। उसके संभावित ठिकानों की टोह ले रही पुलिस टीम ने सूचना मिलने पर रायपुर के गोगांव के पास सोनडोंगरी में उसके साले के घर दबिश देकर उसे पकड़ लिया।
पॉश अपार्टमेंट में नहीं चला रसूख, दो मोबाइल की जब्ती...
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इससे पहले 6 नवंबर 2026 की रात रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट में दबिश देकर पोर्टल मालिक और कथित होटल व्यवसायी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन (46) को पकड़ा था। सूत्रों के मुताबिक मौके पर उसने अपने रसूख और पहुंच का हवाला देकर पुलिस को प्रभावित करना चाहा, पर वर्दी के सामने उसका रुतबा नहीं चला।
पुलिस ने उससे दो मोबाइल फोन की जब्ती की है। पुलिस के अनुसार इनमें पोर्टल के डेटा संग कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच जारी है। न्यायिक हिरासत में जेल में बंद दीपक से रायपुर पुलिस भी प्रोडक्शन वारंट पर लाकर रिमांड में पूछताछ कर चुकी है।
होटल कब्जे से कोयला ठेके तक ठगी की कहानी...
हिस्ट्रीशीटर दीपक टंडन पर उगाही और ठगी के कई आरोप हैं। संपत्ति कर बकाया होने पर रायपुर नगर निगम ने 18 अगस्त को वीआईपी रोड स्थित वह होटल सील किया था, जिसे डॉ. सरिता वाजपेयी ने 2021 में दीपक की पत्नी बरखा चौबे उर्फ बरखा टंडन को चलाने के लिए दिया था। 26 अक्टूबर को सील खुलकर मालिक को हैंडओवर होने के बावजूद दोनों पर दोबारा कब्जा करने का आरोप है। इस प्रकरण में बरखा पहले ही जेल भेजी जा चुकी है।
रायपुर के तेलीबांधा थाने में दीपक पर होटल कब्जे व धमकी के अलावा धोखाधड़ी के पांच केस दर्ज हैं। इनमें जमीन व रेस्टोरेंट बेचने के नाम पर 36 लाख, फॉर्च्यूनर बेचने पर 20 लाख, एसईसीएल की नौकरी के नाम पर 25 लाख और कोल ट्रांसपोर्टिंग ठेके के लिए 31 लाख रुपये लेने के आरोप हैं। प्रदेश में उस पर आठ मामले दर्ज हैं और आधा दर्जन शिकायतों की पड़ताल चल रही है। सिरगिट्टी पुलिस जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को खंगालकर डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कड़ी दर कड़ी संदिग्ध सहयोगियों के सुराग जुटा रही है।
