एक ही घर से मिले तीन शव, गंभीर हालत में आरोपी अस्पताल में भर्ती, ट्रिपल मर्डर से फैली सनसनी
रायपुर : राजधानी रायपुर में रविवार तड़के ट्रिपल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। माना थाना क्षेत्र के डूमरतराई स्थित साहू पारा में एक युवक ने कथित तौर पर चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों की चाकू से मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार डूमरतराई के साहू पारा में बालोद जिले के सियनमरा निवासी भुनेश्वर साहू किराए के मकान में रहता था। रविवार तड़के घर के भीतर तीन लोगों की हत्या की खबर सामने आते ही आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी पर चाकू से हमला किया। इसके बाद उसने दोनों नाबालिग बच्चों को भी चाकू मारकर उनकी जान ले ली
हत्या के बाद की आत्महत्या की कोशिश, घायल आरोपी का उपचार जारी

तीनों की हत्या करने के बाद आरोपी भुनेश्वर साहू ने खुद पर भी चाकू से कई वार किए। माना थाना पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
मकान मालिक ने दी पुलिस को वारदात सूचना
बताया जा रहा है कि सुबह घर के मालिक को घटना की जानकारी हुई। उसने तत्काल माना थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस के साथ एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू की। तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई।
पुलिस खंगाल रही वारदात से जुडी पूरी कड़ी
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में हत्या की वजह चरित्र शंका बताई जा रही है, लेकिन वारदात के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस आरोपी के होश में आने और उसके बयान के आधार पर भी मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। एक ही घर में तीन लोगों की हत्या और इसके बाद आरोपी के खुद को घायल करने की घटना से डूमरतराई इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
