महादेव सट्टा कांड में बड़ा खुलासा: आईपीएस अफसर के होटल-मॉल के बिल सट्टेबाज ने किए पेमेंट, अब सीबीआई के सवालों से पसीने-पसीने
रायपुर। महादेव सट्टा एप घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग, हवाला और भ्रष्टाचार की परतें रोज नए चेहरे के साथ सामने आ रही हैं। अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस के कुछ खास चेहरे भी बेनकाब होते नजर आ रहे हैं। रायपुर और दुर्ग जिलों के करीब डेढ़ दर्जन पुलिसकर्मियों को सीबीआई ने तलब किया है। इनमें आईपीएस, एएसपी, टीआई से लेकर सिपाही तक शामिल हैं—यानि रैंक कोई भी हो, सवाल सबके लिए एक जैसा है: “बिल किसने भरा?”
जांच में सीबीआई को जो जानकारी मिली है, उसने अफसरों की पेशानी पर बल और जनता के मन में हलचल पैदा कर दी है। एक सीनियर आईपीएस अधिकारी ने होटल में रुकना, मॉल में खरीदारी और हवाई सफर खूब किए, लेकिन बिल चुकाने की जिम्मेदारी किसी सट्टेबाज ने निभाई। अब सीबीआई पूछ रही है—"सर, बड़े लोग बड़े खर्च करते हैं, पर ये खर्च किसकी जेब से हुआ?"
मॉल से मिले बिलों में अधिकारियों के नाम तो चमक रहे हैं, लेकिन पैसों का लेन-देन उनके खातों से नहीं हुआ। इससे यह साफ हो रहा है कि रिश्ता कुछ तो गहरा था—या तो दोस्ती बहुत पुरानी थी या फिर समझ बहुत गहरी थी!
रायपुर पुलिस लाइन स्थित ऑफिसर्स मेस अब पूछताछ का नया अड्डा बन गया है, जहां अफसरों से घंटों पूछताछ हो रही है। एक सीनियर आईपीएस को 5 घंटे तक बैठाया गया, तो किसी को दो घंटे में ही छोड़ दिया गया। एएसपी और टीआई स्तर के अफसरों को भी लंबी कसरत करवानी पड़ी—सवालों की, जवाबों की और पसीनों की।
रायपुर और दुर्ग के साइबर सेल में पदस्थ कर्मचारियों और अधिकारियों को भी समन जारी किया गया है। सीबीआई यह भी जांच रही है कि तकनीकी जांच में किसने आंखें मूंदी थीं और किसने सट्टेबाजों को कानून से छुपने का रास्ता दिखाया।
अब देखना यह है कि अगली बार कौन से बिल की कॉपी और किसकी शॉपिंग लिस्ट जांच एजेंसी के सामने आती है। फिलहाल तो सीबीआई की पूछताछ से अफसरों की नींद और चैन दोनों उड़ चुके हैं।
