पैर के पास फटा पटाखा, फिर सड़क पर मचा संग्राम, न्यू रिवर व्यू में लात-घूंसे चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, गाड़ियों में तोड़फोड़
बिलासपुर : दीपावली की खुशियों के बीच अरपा नदी किनारे न्यू रिवर व्यू में पटाखे को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। पैर के पास पटाखा फटने से शुरू हुई कहासुनी ने ऐसा तूल पकड़ा कि दो गुट आमने-सामने आ गए। सड़क पर जमकर लात-घूंसे चले और गाड़ियों में तोड़फोड़ तक की गई। घटना के बाद इलाके में हंगामे की स्थिति बन गई। अब इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धन्नू डांडे समेत चार युवकों को गिरफ्तार किया है। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पटाखा पैर के पास फटा, विरोध करने पर बढ़ा विवाद

पुलिस के अनुसार दीपावली की रात अरपा नदी किनारे बने न्यू रिवर रोड पर कुछ युवक पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान राज बैरागी अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था। राज की शिकायत के अनुसार, युवराज सोनकर और उसके साथी सड़क पर पटाखे चला रहे थे। इसी बीच एक पटाखा उसके पैर के पास आकर फट गया। इस पर राज ने युवकों को पटाखे सावधानी से फोड़ने की बात कहते हुए विरोध जताया। बस इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते सड़क पर शुरू हो गई मारपीट
शुरुआती बहस कुछ ही देर में धक्का-मुक्की और फिर मारपीट में बदल गई। दोनों गुटों के युवक एक-दूसरे पर टूट पड़े। सड़क पर लात-घूंसे चलने लगे और वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। दीपावली की रात हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से जुड़े वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
वायरल तस्वीरों की भी होगी जांच
हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो का संबंध न्यू रिवर व्यू की इसी घटना से है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। सिविल लाइन थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी ने बताया कि यदि जांच में वायरल तस्वीरों का संबंध इस विवाद से सामने आता है तो उन्हें भी जांच में शामिल किया जाएगा।
चार आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गये जेल
सिविल लाइन पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में जरहाभाठा मिनीबस्ती निवासी धन्नू डांडे (28), सिरगिट्टी निवासी सूरज कश्यप (19), सरकंडा निवासी साहिल यादव उर्फ मयंक (22) और बंगालीपारा निवासी अमित यादव (20) शामिल हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
