दीपक टंडन के खिलाफ शिकायतों का सिलसिला जारी! अब पत्नी बरखा पर भी FIR, ट्रांजिट रिमांड की तैयारी
रायपुर। होटल कारोबारी और ‘द हनी बैजर न्यूज’ के संचालक दीपक टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ रायपुर के तेलीबांधा थाने में एक और FIR दर्ज की गई है। आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। दोनों के खिलाफ संपत्ति पर जबरन कब्जा करने, अनधिकृत प्रवेश, अश्लील हरकत, सरकारी सील तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। वहीं, रायपुर पुलिस अब दीपक टंडन को ट्रांजिट रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
सरिता बाजपेयी की शिकायत पर दर्ज हुई FIR
जानकारी के मुताबिक, आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी ने दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने एक संपत्ति पर जबरन कब्जा करने और अनधिकृत रूप से प्रवेश करने जैसी गतिविधियां कीं। इसके अलावा अश्लील हरकत करने, सरकारी सील तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 329(4), 331(2), 331(5), 351(2), 324(4), 126(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस नई FIR के बाद दीपक टंडन की कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
होटल और घर पर पुलिस ने दी थी दबिश
इससे पहले 7 नवंबर को बिलासपुर क्राइम ब्रांच और सिरगिट्टी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रायपुर में दीपक टंडन के होटल और घर पर दबिश दी थी। पुलिस ने VIP रोड स्थित होटल वेलकम होटल इन और साईं नगर स्थित उसके आवास पर तलाशी अभियान चलाया था।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल का DVR और दीपक टंडन की पत्नी का मोबाइल फोन जब्त किया था। पुलिस इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच के जरिए मामले से जुड़े अहम साक्ष्य जुटाने में लगी है।
दरअसल, दीपक टंडन पर AI तकनीक के जरिए तस्वीरों से छेड़छाड़ कर भ्रामक और आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित करने, ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली करने के आरोप हैं। इस संबंध में बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में पहले ही FIR दर्ज की गई थी। इसी शिकायत के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने दीपक टंडन को रायपुर के रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था।
मोबाइल से मिले आपत्तिजनक फोटो और वीडियो
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान दीपक टंडन के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए थे। इन मोबाइल की जांच में न्यूज पोर्टल से संबंधित कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने की बात सामने आई थी।
इसके बाद होटल के DVR और पत्नी के मोबाइल फोन को भी पुलिस ने जब्त किया। जांच एजेंसियां इन डिजिटल साक्ष्यों के जरिए पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित गतिविधियों में अन्य लोगों की भूमिका भी थी या नहीं।
DSP कल्पना वर्मा मामले में भी आया था नाम
गौरतलब है कि दीपक टंडन का नाम DSP कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद में भी सामने आया था। टंडन ने तत्कालीन दंतेवाड़ा में पदस्थ DSP कल्पना वर्मा पर रिश्वत, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी जैसे आरोप लगाए थे।
उसका दावा था कि दोनों के बीच करीब चार साल तक प्रेम संबंध रहे और इस दौरान उससे करोड़ों रुपये, महंगी गाड़ी और कीमती गहने लिए गए। इस संबंध में उसने DGP और IG से शिकायत भी की थी। हालांकि, ये आरोप दीपक टंडन की ओर से लगाए गए थे।
फिलहाल दीपक टंडन के खिलाफ दर्ज अलग-अलग मामलों की जांच जारी है। रायपुर पुलिस की ट्रांजिट रिमांड की तैयारी और नई FIR के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
