ओवरब्रिज के नीचे चाकू लहराकर लोगों को धमका रहा था युवक, सिरगिट्टी पुलिस ने दबोचा
बिलासपुर : त्योहारों को देखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिरगिट्टी पुलिस ने चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने तिफरा ओवरब्रिज के नीचे हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बीट आरक्षकों की निगरानी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तिफरा ओवरब्रिज के नीचे एक युवक चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान सिरगिट्टी थाना के कुंदरापारा भगत सिंह आजाद नगर तिफरा निवासी देवा दिवाकर उर्फ गोलू (30) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 662/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले, नशाखोरी और चाकूबाजी करने वाले तथा सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के लिए परेशानी पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से भी ऐसे लोगों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
