लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 50 करोड़ की रंगदारी, पूर्व महापौर एजाज ढेबर का भतीजा शोएब गिरफ्तार, पूरे नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
रायपुर : राजधानी में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 50 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर को तेलीबांधा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शोएब ने जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को धमकाने और उनसे मोटी रकम वसूलने की साजिश रची थी। शनिवार देर रात हुई इस गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
मामले की शुरुआत कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को मिले एक धमकी भरे फोन से हुई। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए उनसे 50 करोड़ रुपए की मांग की थी। धमकी मिलने के बाद कुकरेजा ने तेलीबांधा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामला गंभीर होने के कारण एसीसीयू, सेंट्रल जोन एसीपी और तेलीबांधा पुलिस की टीम ने जांच शुरू की।
पहले पकड़े गए युवक ने खोला शोएब का राज
जांच के दौरान पुलिस ने जांजगीर-चांपा निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में युवक ने शोएब ढेबर का नाम लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इसी युवक के जरिए कांग्रेस नेता को फोन करवाया गया था। जांच में शोएब की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने शनिवार देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। आखिर 50 करोड़ रुपए की मांग के पीछे किसकी योजना थी और इस पूरे घटनाक्रम में कितने लोग शामिल हैं। धमकी देने के लिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम इस्तेमाल करने के पीछे की वजह भी खंगाली जा रही है।
एजाज ढेबर को मिली धमकी से भी जुड़ सकती हैं कड़ियां
कुछ दिन पहले पूर्व महापौर एजाज ढेबर को भी लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी भरा फोन आया था। पुलिस उस मामले की भी जांच कर रही है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है या नहीं और क्या एजाज ढेबर को मिली धमकी में भी शोएब की कोई भूमिका थी।
फिलहाल पुलिस शोएब ढेबर से पूछताछ कर रही है। रंगदारी की मांग, धमकी देने वाले फोन और इसमें शामिल अन्य लोगों को लेकर जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा।
पहले भी विवादों और आपराधिक मामलों में आ चुका है नाम
शोएब ढेबर का नाम इससे पहले भी कई विवादों और आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। स्कूल संचालक आरबी मिश्रा की गाड़ी को टक्कर मारने के बाद बीच सड़क पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में उसके खिलाफ तेलीबांधा थाने में एफआईआर दर्ज हुई थी। शिकायत में अनवर ढेबर, शोएब ढेबर और जुनैद ढेबर पर डराने-धमकाने, मारपीट, जान से मारने की धमकी और एक लड़की की जबरन साइबर स्टॉकिंग कराने के आरोप भी लगाए गए थे। सितंबर 2024 में शोएब ने कोर्ट में सरेंडर किया था। बाद में उसे जमानत मिल गई थी। शांति भंग की आशंका के चलते उसे निवारक हिरासत में भी रखा गया था। रायपुर के आईपी क्लब संचालक के साथ मारपीट और विवाद के मामले में भी शोएब का नाम सामने आया था। इस मामले में मंदिर हसौद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। वहीं, लॉकडाउन के दौरान जयस्तंभ चौक पर बिना मास्क घूमने और पुलिस के रोकने पर चेकिंग स्टाफ से बहस करने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद नगर निगम ने चालानी कार्रवाई की थी।
