नगर निगम की सील तोड़ने के आरोप में बरखा टंडन गिरफ्तार,6 नवंबर को पति दीपक टंडन हुआ था अरेस्ट....
रायपुर। होटल कारोबार से जुड़े दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बिलासपुर में एआई (AI) ब्लैकमेलिंग के केस में दीपक की गिरफ्तारी के बाद, अब होटल पर जबरन कब्जे और नगर निगम की सील तोड़ने के मामले में पत्नी बरखा टंडन को भी मंगलवार शाम गिरफ्तार कर लिया है।
राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाने में इस कारोबारी दंपती के खिलाफ BNS की आठ गंभीर धाराओं के तहत आपराध दर्ज किया था यह कार्रवाई आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत के आधार पर दर्ज हुई है। दंपती पर प्रॉपर्टी पर जबरन कब्जा जमाए रखने, सरकारी सील को नुकसान पहुंचाने और ताला तोड़कर भीतर घुसने के साथ-साथ अश्लील हरकतों और जान से मारने की धमकी देने जैसे संगीन आरोप लगाए गए हैं।
लीज खत्म भी होटल खाली नहीं करने बाकी किराए का नहीं देने का आरोप....
जानकारी के अनुसार वर्ष 2021 में सरिता बाजपेयी ने अपनी संपत्ति 'होटल वेलकम श्री' तथा बैंक्वेट हॉल के संचालन के लिए दीपक टंडन को लीज पर दी थी। शुरुआती लीज की अवधि वर्ष 2024 में समाप्त हो गई थी। इसके बाद आपसी सहमति से इसे 11-11 महीनों के लिए दो बार आगे बढ़ाया गया, जिसकी अंतिम समाप्ति 7 अप्रैल 2026 को पूरी तरह खत्म हो गई। बीते एक साल से नियमित तौर पर किराया न मिलने और प्रॉपर्टी टैक्स बकाया होने के कारण, नगर निगम प्रशासन ने कठोर कदम उठाते हुए 18 अगस्त 2026 को इस होटल को सील कर दिया था।
कानून का खौफ नहीं, ताला तोड़कर फिर भीतर घुसे
सील लगने के बाद 23 अगस्त को जब संपत्ति का कब्जा लेने शिकायतकर्ता पहुंचीं, तो देखा कि आरोपी दंपती अवैध तरीके से अपने कर्मचारियों के साथ नगर निगम की सील तोड़कर आराम से अंदर घुस गए हैं। निगम को इसकी सूचना देकर दोबारा सीलिंग कराई गई। इसके बाद 26 अक्टूबर को नगर निगम जोन-10 की टीम ने पुलिस बल की उपस्थिति में सील खोलकर विधिवत पंचनामा तैयार किया।
30 सितंबर को चाबी सौंपने की सहमति बनी थी, लेकिन 27 अक्टूबर को जब सरिता बाजपेयी अपने सहयोगियों के साथ वहां पहुंचीं, तब आरोपियों ने मेन गेट और अंदरूनी ताले तोड़कर दोबारा होटल पर कब्जा कर लिया। इसी मामले में पुलिस ने धारा 126(2), 296, 3(5), 324(4), 329(4), 331(2), 331(5) और 351(2) के तहत अपराध पंजीकृत किया है।
बंटी बबली का AI से ब्लैकमेलिंग का पुराना 'हुनर'
इस मामले से ठीक पहले 6 नवंबर को बिलासपुर की सिरगिट्टी थाना पुलिस ने दीपक टंडन को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था। वह गिरफ्तारी बिलासपुर निवासी मनीशंकर पांडे की शिकायत पर हुई थी। उन्होंने दीपक पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए उनकी तस्वीरों से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री बनाने का आरोप लगाया था। उसे सोशल मीडिया व न्यूज पोर्टल्स पर फैलाकर छवि बिगाड़ने और ब्लैकमेल करने की बात सामने आई थी।
बिलासपुर पुलिस ने दो मोबाइल जब्त किए थे। फिलहाल पुलिस AI ब्लैकमेलिंग और होटल संपत्ति कब्जे से जुड़े इन दोनों भिन्न मामलों की अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। पुलिस विभाग से जुड़े सूत्र बताते है कि आने वाले दिनों में दीपक टंडन और उसके रायपुर के कुछ क्रिमनल माइंडेड अधिकारियों सहित कुछ ब्लैकमेलर पत्रकारो के नेक्सस का पर्दाफाश हो सकता है।
