सावन माह : शिवभक्ति, समुद्र मंथन और अमृत वर्षा का पावन पर्व
बिलासपुर : भगवान शिव की आराधना का पवित्र सावन माह आज से शुरू हो गया है । इसके साथ ही देशभर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है और कांवड़ यात्रा भी पूरे उत्साह के साथ प्रारंभ हो गई है ।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार सावन का महीना समुद्र मंथन, भगवान शिव द्वारा हलाहल विषपान और माता पार्वती की कठोर तपस्या से जुड़ा हुआ है । इस पूरे माह में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, व्रत और शिव आराधना का विशेष महत्व माना जाता है ।
आखिर क्यों सावन को भगवान शिव का सबसे प्रिय महीना कहा जाता है, क्या है कांवड़ यात्रा की परंपरा और बेलपत्र अर्पित करने का धार्मिक महत्व l
समुद्र मंथन से शुरू हुई सावन की परंपरा
पुराणों के अनुसार, देवताओं और असुरों ने अमृत प्राप्त करने के लिए समुद्र मंथन किया । मंथन के दौरान सबसे पहले हलाहल नामक विष निकला, जिसकी अग्नि से तीनों लोकों में हाहाकार मच गया । उस विष से पूरी सृष्टि के विनाश का खतरा उत्पन्न हुआ। तब सभी देवता भगवान शिव की शरण में पहुंचे ।
सृष्टि की रक्षा के लिए भगवान शिव ने पूरा विष अपने कंठ में धारण कर लिया । विष के प्रभाव से उनका कंठ नीला पड़ गया और तभी से वे नीलकंठ कहलाए l कहा जाता है कि विष की तीव्र गर्मी को शांत करने के लिए देवताओं ने भगवान शिव पर लगातार जल अर्पित किया ।
इसी कारण सावन में शिवलिंग पर जल चढ़ाने की परंपरा शुरू हुई । आज भी श्रद्धालु गंगाजल, पवित्र नदियों का जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और भांग अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक करते हैं ।
पार्वती को सावन में पति रूप में मिले शिव
एक अन्य पौराणिक मान्यता के अनुसार माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कई वर्षों तक कठोर तपस्या की थी । उनकी तपस्या का फल सावन मास में मिला और भगवान शिव ने उन्हें पत्नी के रूप में स्वीकार किया ।
इसलिए यह महीना दांपत्य सुख, प्रेम और अखंड सौभाग्य का प्रतीक भी माना जाता है । इसी कारण सावन के सोमवार का व्रत विशेष फलदायी माना गया है । अविवाहित युवतियां योग्य वर की कामना से और विवाहित महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि तथा पति की दीर्घायु के लिए व्रत रखती हैं ।
कांवड़ यात्रा की परंपरा
सावन में लाखों शिवभक्त पवित्र नदियों, विशेषकर गंगा से जल भरकर पैदल यात्रा करते हैं और अपने निकट के शिव मंदिर में जलाभिषेक करते हैं । इस यात्रा को कांवड़ यात्रा कहा जाता है । धार्मिक मान्यता है कि श्रद्धा और नियमपूर्वक किया गया जलाभिषेक भगवान शिव को अत्यंत प्रिय होता है ।
बेलपत्र का महत्व
शिव पुराण के अनुसार भगवान शिव को बेलपत्र अत्यंत प्रिय है | बेलपत्र ब्रह्मा, विष्णु और महेश का प्रतीक माना जाता है । श्रद्धापूर्वक बेलपत्र अर्पित करने से भगवान शिव प्रसन्न होकर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं ।
आध्यात्मिक चेतना का सबसे महत्वपूर्ण काल
सावन केवल धार्मिक अनुष्ठानों का महीना नहीं, बल्कि प्रकृति, संयम, भक्ति और आत्मशुद्धि का भी प्रतीक है । वर्षा ऋतु में हरियाली के बीच भगवान शिव की आराधना मनुष्य को धैर्य, त्याग, करुणा और लोककल्याण का संदेश देती है । यही कारण है कि सावन का महीना भारतीय संस्कृति में आस्था, परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का सबसे महत्वपूर्ण काल माना जाता है ।
सावन की पौराणिक कथाएं भगवान शिव के त्याग, करुणा और लोककल्याण की भावना को दर्शाती हैं । समुद्र मंथन में हलाहल विष का पान हो या माता पार्वती की तपस्या, दोनों कथाएं यह संदेश देती हैं कि सच्ची भक्ति, धैर्य और समर्पण से जीवन में सुख, शांति और सफलता प्राप्त की जा सकती है । इसलिए सावन का महीना केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की अमूल्य धरोहर है।
