इंश्योरेंस प्लान बताकर भेजा एसबीआई जैसा लिंक, लिंक खोलते ही कट गए 49,050 रुपए, पुलिस ने दर्ज किया मामला
बिलासपुर : क्रेडिट कार्ड पर चल रहे इंश्योरेंस प्लान को बंद कराने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के साथ 49 हजार रुपए से अधिक की ठगी कर दी। ठग ने खुद को एसबीआई क्रेडिट कार्ड के मुंबई हेड ऑफिस का प्रतिनिधि बताया और बैंक की वेबसाइट जैसा दिखने वाला फिशिंग लिंक भेज दिया। पीड़ित ने जैसे ही लिंक खोलकर प्रक्रिया पूरी की, कुछ ही देर में क्रेडिट कार्ड से दो बार में 49 हजार 50 रुपए कट गए। रकम स्विगी, बेंगलुरु के खाते में ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आई है।
मुंबई हेड ऑफिस का अधिकारी बनकर किया फोन
मामला जूना बिलासपुर के उदय चौक कतियापारा निवासी प्रकाश चंद्र दुबे पिता स्व. भैया लाल दुबे से जुड़ा है। 5 सितंबर की दोपहर करीब सवा दो बजे उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को एसबीआई क्रेडिट कार्ड के मुंबई हेड ऑफिस का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि प्रकाश चंद्र के क्रेडिट कार्ड पर 35 सौ रुपए का इंश्योरेंस प्लान चालू है और इसे बंद कराया जा सकता है।
बैंक की वेबसाइट जैसा भेजा फर्जी लिंक, दो ट्रांजेक्शन में पार हो गई रकम
ठग ने इंश्योरेंस बंद कराने की प्रक्रिया बताने के नाम पर मोबाइल पर एक लिंक भेजा। लिंक देखने में हूबहू एसबीआई के आधिकारिक पोर्टल जैसा नजर आ रहा था। भरोसा होने पर पीड़ित ने लिंक खोला और उसमें बताई गई प्रक्रिया पूरी करने लगा। जैसे ही प्रक्रिया आगे बढ़ी, उनके क्रेडिट कार्ड से बिना किसी वैध अनुमति के दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन हो गए। दोनों मिलाकर 49 हजार 50 रुपए कट गए। ट्रांजेक्शन डिटेल चेक करने पर रकम स्विगी बेंगलुरु के खाते में ट्रांसफर होने की जानकारी मिली।
1930 पर शिकायत, पुलिस ने शुरू की जांच
ठगी का पता चलते ही प्रकाश चंद्र दुबे ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद सिटी कोतवाली थाने में अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस मोबाइल नंबर और ट्रांजेक्शन से जुड़े रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।
