आज रात रोशनी से जगमगाएगा रायपुर, गणेश झांकी पर 2 हजार जवानों का पहरा; शराब दुकानें रहेंगी बंद, जानें पूरा रूट-पार्किंग प्लान
रायपुर। गणेश विसर्जन की पारंपरिक झांकी को लेकर राजधानी रायपुर पूरी तरह तैयार है। आज रात 9 बजे शारदा चौक से झांकी की शुरुआत होगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग और निगरानी के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद रायपुर में यह पहली गणेश झांकी होगी।
झांकी के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 2,000 पुलिस जवानों की तैनाती की जा रही है। वहीं, संवेदनशील और भीड़ वाले इलाकों पर ड्रोन से नजर रखी जाएगी। प्रशासन ने झांकी मार्ग के साथ आसपास की सड़कों पर भी ट्रैफिक डायवर्जन और पेट्रोलिंग की व्यवस्था की है।
शाम 6 बजे से बदलेगा ट्रैफिक का रूट
झांकी शुरू होने से पहले ही शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, शाम 6 बजे से पारंपरिक झांकी मार्ग से जुड़ी सड़कों पर बैरिकेडिंग शुरू कर ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजा जाएगा। इसके अलावा भारी मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर भी प्रतिबंध रहेगा। रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी शाम 5 बजे से शुरू होगी, ताकि झांकी से पहले ही वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित किया जा सके।
तीन स्तर की सुरक्षा, ड्रोन से होगी निगरानी
पुलिस ने झांकी को लेकर तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। करीब 2,000 जवानों के अलावा प्रमुख स्थानों पर वॉच टावर बनाए गए हैं। झांकी रूट पर ड्रोन उड़ाकर भीड़ और गतिविधियों की निगरानी की जाएगी तथा वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी। किसी आपराधिक गतिविधि की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए ACCU क्राइम ब्रांच की 20 टीमें भी तैनात रहेंगी। झांकी रूट को छह सुरक्षा जोन में बांटा गया है, जिनके अंतर्गत कुल 30 सेक्टर बनाए गए हैं। हर जोन में डीसीपी के नेतृत्व में एडिशनल डीसीपी स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, प्रत्येक सेक्टर की निगरानी के लिए भी पुलिस अधिकारियों की तैनाती रहेगी।
शाम 4 बजे से शराब दुकानें सील करने के निर्देश
झांकी के दौरान किसी तरह की नशे से जुड़ी अव्यवस्था को रोकने के लिए शराब दुकानों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। रायपुर नगर निगम क्षेत्र के साथ बिरगांव, उरला, सिलतरा और डूंडा क्षेत्र की देशी-विदेशी शराब दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। आबकारी विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, आज शाम 4 बजे से शराब दुकानों को सील किया जाएगा। यह निर्णय रायपुर कमिश्नर की ओर से पत्र भेजे जाने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर लिया गया है।
सदरबाजार में जर्जर मकानों पर विशेष निगरानी
झांकी के प्रमुख मार्गों में शामिल सदरबाजार को लेकर भी प्रशासन ने अतिरिक्त व्यवस्था की है। नगर निगम के निरीक्षण में सामने आए 10 जर्जर मकानों को नोटिस देकर सील किया गया है। इन इमारतों की छतों पर लोग जमा न हों, इसके लिए पुलिस की तैनाती की जाएगी। सदरबाजार क्षेत्र में साउंड सिस्टम की आवाज भी निर्धारित सीमा में रखने के निर्देश दिए गए हैं। शोर की जांच के लिए साउंड लेवल मापने वाली मशीन लगाई जाएगी। 50 डेसिबल से अधिक ध्वनि पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
शारदा चौक से महादेवघाट तक रहेगा झांकी का रूट
गणेश विसर्जन झांकी शारदा चौक से रात 9 बजे शुरू होगी। इसके बाद जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदरबाजार, कंकाली तालाब रोड, पुरानी बस्ती, लाखेनगर और सुंदरनगर होते हुए झांकी रायपुरा महादेवघाट की ओर जाएगी। झांकी देखने आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग क्षेत्रों के आधार पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
कहां पार्क कर सकेंगे वाहन?
- तेलीबांधा, पंडरी और राजातालाब: शहीद स्मारक भवन के पास
- कटोरा तालाब और टिकरापारा: गांधी मैदान के पास
- मठपारा और पुरानी बस्ती: इंडोर स्टेडियम के पास
- विवेकानंद आश्रम, लाखेनगर, समता कॉलोनी और चौबे कॉलोनी: ईदगाह भाठा मैदान और नवीन मार्केट
झांकी के दौरान इन वैकल्पिक रास्तों से चलेंगे वाहन
ट्रैफिक डायवर्जन के बावजूद शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच आवागमन के लिए कई वैकल्पिक मार्ग खुले रहेंगे। तेलीबांधा-शास्त्री चौक से टाटीबंध की ओर जाने वाले वाहन शास्त्री चौक से कालीबाड़ी, पचपेढ़ी नाका और रिंग रोड-1 होकर जा सकेंगे। फाफाडीह चौक से आने-जाने वाले वाहन स्टेशन रोड, चौबे कॉलोनी और समता कॉलोनी मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं खमतराई और फाफाडीह की ओर से आने-जाने वाले वाहन चालक रिंग रोड-2 का उपयोग कर सकेंगे। धमतरी रोड और पचपेढ़ी नाका से रेलवे स्टेशन या मेकाहारा की तरफ जाने वाले वाहन कालीबाड़ी चौक, शास्त्री चौक और मरही माता चौक होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
