दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर मुठभेड़ जारी, 5 नक्सली ढेर, 500 जवान अभियान में हैं शामिल
रायपुर / दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमावर्ती इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में अब तक 5 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। वहीं मौके से 3 शव बरामद की गई है। दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव राय ने इसकी पुष्टि की है और कहा कि ऑपरेशन अभी जारी है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को इंद्रावती नदी के पार भारी संख्या में नक्सलियों के जमा होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी के आधार पर दंतेवाड़ा और बीजापुर से सुरक्षाबलों की एक संयुक्त टुकड़ी को अभियान पर भेजा गया था। यह मुठभेड़ 25 मार्च की सुबह करीब 8 बजे शुरू हुई, जो अब भी जारी है।
सूत्रों का कहना है कि सुरक्षाबलों ने नक्सलियों को चारों ओर से घेर लिया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय और एएसपी आरके बर्मन ने कहा कि सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
इससे पहले 20 मार्च को बीजापुर और कांकेर में सुरक्षाबलों ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 30 नक्सलियों को मार गिराया था। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने इस बात की पुष्टि की थी। बीजापुर में 26 नक्सली मारे गए थे, जबकि कांकेर एनकाउंटर में 4 नक्सलियों के शव बरामद हुए थे।
विशेषज्ञों का मानना है कि सुरक्षाबलों की यह कार्रवाई नक्सलियों के टैक्टिकल काउंटर ऑफेंसिव कैंपेन (TCOC) के दौरान उनके लिए एक बड़ा झटका है। इस अभियान से क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है। फिलहाल, सर्च ऑपरेशन जारी है और आगे की स्थिति जल्द ही स्पष्ट होगी।
