महादेव सट्टा एप घोटाला : पूर्व CM भूपेश बघेल के घर CBI रेड, 4 राज्यों के 5 दर्जन से ज्यादा ठिकानों पर हुई छापेमारी
रायपुर /छत्तीसगढ़ में महादेव सट्टा एप घोटाले को लेकर सीबीआई (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 राज्यों के 60 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की है। जिन स्थानों पर कार्रवाई की गई है, उनमें छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उनके पूर्व ओएसडी आशीष वर्मा और मनीष बंछोर, पूर्व सचिव सौम्या चौरसिया, विधायक देवेंद्र यादव, सेवानिवृत्त आईएएस अनिल टुटेजा और 4 आईपीएस अधिकारी शामिल हैं।
छत्तीसगढ़, दिल्ली, भोपाल और कोलकाता में एक साथ कार्रवाई सीबीआई की टीमें छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग और भिलाई सहित दिल्ली, भोपाल और कोलकाता में एक साथ छापेमारी कर रही हैं। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई-3 स्थित निवास, विधायक देवेंद्र यादव के सेक्टर 5 स्थित घर, और आईपीएस अभिषेक पल्लव के सेक्टर 9 स्थित निवास पर तलाशी ली जा रही है।
भूपेश बघेल के घर के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक जुट गए और इस कार्रवाई का विरोध करने लगे। पुलिस और समर्थकों के बीच झड़प भी हुई। भिलाई में विधायक देवेंद्र यादव की मां ने सीबीआई टीम का विरोध करते हुए उन्हें घर के अंदर घुसने से रोक दिया। हालांकि, समझाइश के बाद टीम ने जांच शुरू की।
इस कार्रवाई के तहत रायपुर में आईपीएस अभिषेक माहेश्वरी के निवास पर भी दबिश दी गई, लेकिन वहां कोई नहीं मिला, जिसके बाद टीम ने उनके घर को सील कर दिया। इसके अलावा, केपीएस ग्रुप के संचालक प्रशांत त्रिपाठी और भोपाल में ‘बैक एंड शेक’ के मालिक गिरीश तलरेजा के ठिकानों पर भी छानबीन जारी है।
महादेव सट्टा एप एक ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म है, जो विभिन्न खेलों और चुनावों में अवैध सट्टेबाजी की सुविधा प्रदान करता है। आरोप है कि इस एप के प्रमोटरों ने अवैध सट्टेबाजी से 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की आय अर्जित की है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अब तक इस मामले में 2,296 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की है और 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया है और कल प्रदेशभर में भाजपा सरकार के खिलाफ पुतला दहन करने की घोषणा की है।
सीबीआई की टीमें अभी भी कई स्थानों पर जांच कर रही हैं और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की पड़ताल कर रही हैं। इस मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
