NH-30 पर पुलिस का बड़ा एक्शन: दो कारों में छिपाकर ले जा रहे थे 18.46 किलो गांजा, 4 तस्कर गिरफ्तार
कवर्धा। कबीरधाम जिले में नशे के खिलाफ चल रही पुलिस कार्रवाई के बीच चिल्फी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एनएच-30 पर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने दो अलग-अलग कारों से 18 किलो 460 ग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के रहने वाले चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल दोनों कारों और चार मोबाइल फोन को भी जब्त किया है।
वाहन जांच के दौरान पकड़े गए तस्कर
जानकारी के मुताबिक, 26 सितंबर को चिल्फी थाना पुलिस एनएच-30 पर थाना के सामने संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक हुंडई वरना को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार रविराज सिंह परिहार (19) और सौरभ सिंह बुंदेला (22) से पूछताछ की गई। दोनों पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
तलाशी के दौरान कार से 12 किलो 760 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के नुआपाड़ा से मध्यप्रदेश के पन्ना ले जाया जा रहा था।
दूसरी कार से भी बरामद हुआ गांजा
पहली कार्रवाई के दौरान ही पुलिस ने एक अन्य संदिग्ध मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स को भी रोका। वाहन में सवार जोगेंद्र राजा (25) और केशव राजा (22) की तलाशी और पूछताछ की गई। दोनों आरोपी भी पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
कार की तलाशी लेने पर पुलिस को 5 किलो 700 ग्राम गांजा मिला। दोनों वाहनों से बरामद गांजे की कुल मात्रा 18 किलो 460 ग्राम बताई गई है।
22.53 लाख रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 23 हजार रुपये है। इसके अलावा गांजा परिवहन में इस्तेमाल हुंडई वरना की कीमत करीब 5 लाख रुपये और मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स की कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गांजा, दोनों वाहन और मोबाइल फोन समेत कार्रवाई में कुल 22 लाख 53 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
मामले में चिल्फी थाने में अपराध क्रमांक 22/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से खरीदा गया था और इसके पीछे सप्लाई करने वाले अन्य लोग कौन हैं।
आरोपियों से एएनटीएफ कबीरधाम टीम भी पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के जरिए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी सामने आ सकती है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में और थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक बीरेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक नरेन नेताम, आरक्षक अमन वाहने, सुनील मरावी, पंकज यादव, जितेंद्र चंद्रवंशी सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतरराज्यीय मार्गों पर संदिग्ध वाहनों की जांच और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
