बिलासपुर में ढाबों पर छापा, घरेलू गैस सिलेंडर के अवैध उपयोग पर कार्रवाई
बिलासपुर | कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर प्रशासन ने मंगलवार को पेंड्राडीह बायपास के ढाबों पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान राजस्व विभाग, एनएचआई और फूड विभाग की संयुक्त टीम ने कई ढाबों की जांच की। कार्रवाई के दौरान सीजी 10 ढाबा और राज भोजनालय में घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध उपयोग करते हुए पाया गया। दोनों ढाबों से चार-चार घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए और संबंधित संचालकों पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घरेलू गैस का व्यवसायिक इस्तेमाल, प्रशासन ने जब्त किए सिलेंडर
छापेमारी के दौरान सीजी 10 ढाबा के संचालक राकेश शर्मा और राज भोजनालय के संचालक कृष्ण कुमार कौशिक को घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध रूप से व्यवसायिक उपयोग करते हुए पकड़ा गया। जांच टीम ने मौके पर ही सभी आठ घरेलू सिलेंडर जब्त कर लिए।
प्रशासन की कार्रवाई से हड़कंप
छापामार कार्रवाई के दौरान क्षेत्र के अन्य ढाबा संचालकों में हड़कंप मच गया। कई ढाबा संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से गायब हो गए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई के दौरान एसडीएम बिल्हा के मार्गदर्शन में नायब तहसीलदार बोदरी ओमप्रकाश चंद्रवंशी, राजस्व निरीक्षक शैलेश गढ़वाल, फूड इंस्पेक्टर मंगेश कांत, एनएचआई के अधिकारी-कर्मचारी और हल्का पटवारी मौजूद थे।
अधिकारियों ने दोनों ढाबा संचालकों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन की इस सख्ती से अन्य ढाबा संचालकों को भी चेतावनी मिली है कि अगर घरेलू गैस सिलेंडर का व्यवसायिक उपयोग किया गया, तो कठोर कार्रवाई होगी।
