अंडरवियर में फांसी के फंदे पर लटका मिला युवक का शव, किडनी खराब होने का जिक्र कर छोड़ा सुसाइड नोट, परिजनों ने बीमारी से किया इनकार
अंबिकापुर : सरगुजा जिला मुख्यालय से लगे सकालो जंगल में एमएससी के छात्र निक्की रंजन एक्का (24) का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस को मौके से युवक का मोबाइल फोन मिला, जिसके कवर में मोड़कर रखा गया सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। नोट में युवक ने किडनी खराब होने की बात लिखते हुए आत्महत्या का जिक्र किया है। हालांकि, मृतक के फूफा और परिजनों ने निक्की को किसी भी तरह की किडनी की बीमारी होने की बात को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
शनिवार से था लापता, मंगलवार को जंगल में मिला शव
जशपुर जिले के दुलदुला निवासी निक्की रंजन एक्का अंबिकापुर के मुक्तिपारा में अपने फूफा ज्ञानमनी एक्का के घर रहकर पीजी कॉलेज से एमएससी की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के मुताबिक वह शनिवार से बिना किसी को बताए घर से लापता था। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। मंगलवार को वन विभाग के बीट गार्ड की नजर सकालो जंगल में एक पेड़ से लटकते शव पर पड़ी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान निक्की के रूप में हुई।
मोबाइल कवर में छिपा था सुसाइड नोट
घटनास्थल से पुलिस ने निक्की का मोबाइल फोन बरामद किया। जांच के दौरान मोबाइल के कवर में मोड़कर रखा गया सुसाइड नोट मिला। फूफा ज्ञानमनी एक्का के अनुसार, नोट की लिखावट निक्की की ही है। लेकिन नोट में किडनी खराब होने को आत्महत्या की वजह बताए जाने पर परिवार हैरान है।
फूफा बोले- बीमारी होती तो इलाज जरूर चलता
ज्ञानमनी एक्का ने बताया कि निक्की को किडनी से जुड़ी कोई बीमारी नहीं थी। उसमें ऐसी बीमारी के कोई लक्षण भी नजर नहीं आए और न ही उसका किसी अस्पताल या डॉक्टर के यहां इलाज चल रहा था। उन्होंने बताया कि निक्की पढ़ाई में होनहार और समझदार था। स्वभाव से वह थोड़ा शांत और गुमसुम जरूर रहता था, लेकिन परिवार को ऐसी किसी गंभीर बीमारी की जानकारी नहीं थी।
अंडरवियर में मिला शव
मामले में एक और बात पुलिस की जांच को महत्वपूर्ण बना रही है। निक्की का शव जंगल में सिर्फ अंडरवियर में मिला। युवक शनिवार से घर से गायब था और चार दिन बाद उसका शव जंगल में मिला। ऐसे में उसकी मौत की परिस्थितियों, जंगल तक पहुंचने और घटनास्थल पर मिले सामान की पुलिस जांच कर रही है।
बीमारी नहीं थी तो सुसाइड नोट में जिक्र क्यों?
परिवार के अनुसार, निक्की को किडनी की कोई बीमारी नहीं थी। तो उसने सुसाइड नोट में किडनी खराब होने की बात क्यों लिखी? क्या वह किसी गलत जानकारी या कथित मेडिकल रिपोर्ट को लेकर डरा हुआ था? या फिर किसी अन्य वजह से मानसिक दबाव में था? सुसाइड नोट में बीमारी का जिक्र करने के पीछे आखिर क्या कारण था, यह अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस सुसाइड नोट, मोबाइल फोन और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
