फतेहपुर में 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या, 22.50 लाख के जेवर और नकदी लूटकर फरार हुए बदमाश

फतेहपुर में 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या, 22.50 लाख के जेवर और नकदी लूटकर फरार हुए बदमाश

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में लूट और हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ललौली थाना क्षेत्र के सातआना कस्बे के अलीबाबा मोहल्ले में घर में अकेली रह रही 62 वर्षीय बिल्किश बेगम की बदमाशों ने गला कसकर हत्या कर दी। इसके बाद घर में रखे नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। वारदात का खुलासा शुक्रवार सुबह उस समय हुआ, जब परिवार का एक सदस्य महिला के घर पहुंचा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है।

घर में अकेली रहती थीं बिल्किश बेगम

जानकारी के मुताबिक, बिल्किश बेगम अपने घर में अकेली रहती थीं। उनके दोनों बेटे नसीम खान और मुस्तकीम अपने परिवार के साथ मुंबई में रहकर फलों की पेटियां बनाने का कारोबार करते हैं। महिला के पति शमीम खान की कई साल पहले मौत हो चुकी थी। परिवार के अन्य सदस्य भी अलग-अलग स्थानों पर रहते थे।

बृहस्पतिवार देर रात बदमाशों ने उनके घर को निशाना बनाया। वारदात का पता शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे चला। पारिवारिक भतीजा एजाज खान अपनी सगाई के लड्डू लेकर चाची के घर पहुंचा था। घर का मुख्य गेट खुला था, लेकिन अंदर का दरवाजा बंद मिला। दरवाजा धक्का देकर खोलने पर आंगन के पास बरामदे में बिल्किश बेगम का शव पड़ा मिला।

Read More चांटापारा एनीकट घोटाला: 1.4 मीटर की जगह 0.35 मीटर का फ्लोर बना, 4 बार ढहा, इधर सुप्रीम कोर्ट के नियमो को दरकिनार कर प्रमोशन, अब मामले में सीबीआई जांच की मांग

मुंह में कपड़ा ठूंसा, गले में कसी थी शॉल

महिला की हालत देखकर परिजनों के होश उड़ गए। उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था और गले में शॉल कसकर बांधी गई थी। वहीं, उनका बायां हाथ और पैर दुपट्टे से बंधा हुआ था। शुरुआती जांच में शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। आशंका है कि बदमाशों ने विरोध करने पर महिला को काबू में किया और गला कसकर उनकी जान ले ली।

Read More बिलासपुर में श्मशान घाट पर तंत्र-मंत्र के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, तीन आरोपियों पर पुलिस ने की कार्रवाई

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी और एएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

50 हजार नकद और लाखों के जेवर गायब

हत्या के बाद बदमाशों ने घर में जमकर तलाशी ली। दोनों कमरों में रखी अलमारियां और बक्से खुले मिले। सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी करीब 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर समेत लगभग 22.50 लाख रुपये का सामान लेकर फरार हुए हैं।

मुंबई से लौट रहे बड़े बेटे नसीम खान ने बताया कि घर में उनकी मां और छोटे भाई की पत्नी हिना के करीब 13 तोला सोने तथा एक किलो चांदी के जेवर रखे हुए थे। इसके अलावा 50 हजार रुपये नकद भी मौजूद थे। हालांकि, चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन परिजनों के पहुंचने के बाद किया जाएगा।

गैस सिलिंडर के सहारे छत से घुसे बदमाश!

पुलिस को घटनास्थल पर घर की बाहरी दीवार के पास गैस सिलिंडर रखा मिला है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने सिलिंडर के सहारे छज्जे पर चढ़कर छत के रास्ते घर में प्रवेश किया होगा। इसके बाद सीढ़ियों से आंगन में उतरे होंगे। माना जा रहा है कि महिला की नींद खुलने पर उन्होंने विरोध किया होगा, जिसके बाद बदमाशों ने उन्हें पकड़कर हत्या कर दी।

पुलिस का अनुमान है कि वारदात में दो से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। हालांकि, आरोपियों की संख्या और वारदात के वास्तविक तरीके की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

करीबियों की भूमिका भी जांच के घेरे में

जांच में पुलिस परिचितों और करीबियों की भूमिका को भी खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि बिल्किश बेगम बाहरी लोगों को आसानी से घर में प्रवेश नहीं देती थीं और चुनिंदा लोगों से ही संपर्क रखती थीं। ऐसे में पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बदमाशों को घर में रखे जेवर और नकदी की जानकारी कैसे मिली।

पुलिस सर्विलांस के जरिए घटनास्थल के आसपास रात के समय सक्रिय मोबाइल नंबरों की पड़ताल कर रही है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने मामले के खुलासे के लिए एसओजी और सर्विलांस सहित पांच टीमें लगाई हैं। आसपास के गांवों में सीसीटीवी कैमरों की जानकारी भी जुटाई गई, लेकिन फिलहाल किसी कैमरे की जानकारी नहीं मिली है।

जमीन-जायदाद का विवाद भी जांच में शामिल

बिल्किश बेगम को उनके पिता रमजान खान ने मकान खरीदकर दिया था। उनके नाम करीब साढ़े तीन बीघा कृषि भूमि भी थी। ग्रामीणों के बीच संपत्ति को लेकर भाई-बहन के बीच लंबे समय से अनबन होने की चर्चा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस विवाद को हत्या की वजह नहीं माना है और न ही किसी पर संलिप्तता की पुष्टि की है।

एसपी अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक, शुरुआती परिस्थितियों में किसी परिचित या पहचान वाले व्यक्ति की भूमिका होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। परिजनों के पहुंचने पर तहरीर लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच करते हुए आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

Tags:

Latest News

सरगुजा में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, 61 केंद्रों में तैयारी पूरी; 62 हजार से अधिक किसानों ने कराया पंजीयन सरगुजा में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, 61 केंद्रों में तैयारी पूरी; 62 हजार से अधिक किसानों ने कराया पंजीयन
बुलंदशहर में धनतेरस पर सनसनीखेज वारदात: 8 साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद हत्या, लोहे की रॉड से हमला
फतेहपुर में 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या, 22.50 लाख के जेवर और नकदी लूटकर फरार हुए बदमाश
मंत्री गजेंद्र यादव ने अपने विशेष सहायक को हटाया, समग्र शिक्षा से हटाकर SCERT में किया पदस्थ
CBSE बोर्ड परीक्षा का बिगुल, इस दिन से शुरू होंगे 10वीं-12वीं के एग्जाम, अप्रैल तक चलेगी परीक्षा
विष्णु भैया की पाती मुंगेली के ग्राम लिम्हा की सुनीता बहन को मिली, मुख्यमंत्री ने दी राज्य स्थापना दिवस की बधाई
डिजिटल और पेपरलेस विधानसभा की ओर छत्तीसगढ़ का बड़ा कदम, NeVA के प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ‘विष्णु की पाती’ पाकर लोक साहित्यकार डॉ. जयमती कश्यप ने जताया आभार
केशकाल में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्यपाल रमेन डेका को दी दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं
रायगढ़ के युवक को Snapchat पर दोस्ती करना पड़ा भारी, चांपा में युवती समेत 7 लोगों पर लूट और मारपीट का आरोप
सरगुजा में आवारा कुत्तों का आतंक, 2 साल की मासूम नीरजा की मौत; एक सप्ताह में दूसरी दर्दनाक घटना