बीमार छात्रा से कुर्सी साफ कराने पर हेडमास्टर पर गिरी गाज, जरी हुआ नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब
बिलासपुर : मस्तूरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी में बीमार छात्रा से कुर्सी साफ कराने का मामला अब शिक्षा विभाग की जांच के घेरे में आ गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल की प्रधानपाठक भारती खांडे को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है।
बुखार से पीड़ित छात्रा से उल्टी साफ़ कराने का आरोप
बताया गया है कि स्कूल में एक छात्रा पहले से बुखार से पीड़ित थी। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे उल्टी हो गई। आरोप है कि छात्रा को तत्काल चिकित्सकीय सहायता दिलाने के बजाय उल्टी से गंदी हो गई कुर्सी उसी से साफ कराई गई। इसी दौरान किसी छात्र ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो पहुंचा कलेक्टर तक, तत्काल नोटिस जारी
वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आया। सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी कलेक्टर संजय अग्रवाल तक पहुंची। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद डीईओ कार्यालय से प्रधानपाठक को नोटिस जारी किया गया। नोटिस में वायरल वीडियो और प्रारंभिक जानकारी के आधार पर शाला संचालन तथा प्रशासनिक नियंत्रण में घोर लापरवाही प्रतीत होने का उल्लेख किया गया है। इसे अपने पद की जिम्मेदारियों और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के प्रतिकूल बताया गया है।
तीन दिन में देना होगा जवाब, नहीं तो एकतरफा कार्रवाई तय
डीईओ ने प्रधानपाठक को नोटिस प्राप्त होने के तीन दिवस के भीतर अपना स्पष्ट, लिखित एवं शपथपत्र सत्यापित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ नियमानुसार एकतरफा कठोर प्रशासनिक एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है। घटना के बाद शिक्षा विभाग की कार्रवाई से साफ है कि स्कूल में बच्चों के साथ व्यवहार और शाला संचालन में लापरवाही को लेकर विभाग गंभीर है। अब प्रधानपाठक के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
