गुटखा फैक्ट्री पर सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस का छापा, दो मशीनें और 30 बोरा माल जब्त कर रायपुर हुए रवाना
दुर्ग : कुम्हारी के स्टेशन चौक इलाके में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने एक गोदामनुमा फैक्ट्री में अचानक छापेमारी कर दी। टीम को यहां बड़े पैमाने पर गुटखा तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान मौके से गुटखा बनाने वाली दो मशीनें और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया गया है। बरामद माल की कीमत लाखों रुपए में बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पहुंची अधिकारियों की टीम
जानकारी के अनुसार सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस को कुम्हारी के स्टेशन चौक क्षेत्र में बिना अनुमति गुटखा निर्माण किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद रविवार को करीब 10 से 12 अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने गोदाम को अपने कब्जे में लेकर अंदर रखी मशीनों, तैयार माल और दूसरे सामान की बारीकी से जांच शुरू की।
दो मशीनें और 30 बोरा तैयार गुटखा भी बरामद

जांच के दौरान अधिकारियों को गुटखा तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली दो मशीनें मिलीं। इसके साथ ही करीब 30 बोरा तैयार गुटखा भी मौके पर रखा मिला। बताया जा रहा है कि गुटखा सितार कंपनी के नाम से तैयार किया जा रहा था। टीम ने मशीनों और बरामद गुटखे को जब्त कर लिया है।
सिर्फ गुटखा नहीं, दस्तावेजों में भी तलाशे जा रहे सुराग
कार्रवाई का दायरा केवल तैयार माल और मशीनों तक सीमित नहीं रहा। जीएसटी अधिकारियों ने गोदाम में रखे दस्तावेजों और कारोबार से जुड़े कागजात भी खंगाले। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि गुटखे के निर्माण और बिक्री का कारोबार किस तरह संचालित हो रहा था और इसमें जीएसटी समेत अन्य टैक्स संबंधी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
जब्त सामान लेकर रायपुर हुए रवाना
कार्रवाई के बाद सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम जब्त दोनों मशीनों और गुटखे को अपने साथ लेकर रायपुर रवाना हो गई। अब जब्त सामग्री, कारोबारी दस्तावेजों और बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड का मिलान किया जाएगा। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पूरे कारोबार में टैक्स संबंधी कितनी अनियमितता हुई है और आगे किस तरह की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार जब्त गुटखे और अन्य सामग्री की वास्तविक कीमत तथा संभावित टैक्स देनदारी की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।
