बिलासपुर डिपो हादसा: सफाई करते वक्त युवक को लगा करंट, हाईटेंशन लाइन से झुलसा, अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेलवे कोचिंग डिपो में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ है। वंदे भारत ट्रेन के कोच की सफाई कर रहे एक ठेका कर्मचारी युवक को 133KV हाईटेंशन तार से करंट लग गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दरअसल, बिलासपुर रेलवे कोचिंग डिपो में कार्यरत प्रताप बर्मन नामक युवक शनिवार दोपहर वंदे भारत ट्रेन के एक्स्ट्रा कोच की सफाई कर रहा था। वह एक निजी ठेका कंपनी के तहत काम करता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही वह कोच की छत पर चढ़ा, ऊपर से गुजर रही 133KV हाईटेंशन लाइन से उसे जोरदार करंट लग गया।
प्रताप को एक नहीं, बल्कि दो बार करंट के झटके लगे। इस दौरान वह कोच की छत पर ही तड़पता रहा और फिर नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर, चेहरे और शरीर के कई हिस्से बुरी तरह जल गए। गंभीर रूप से घायल प्रताप को पहले रेलवे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन सुविधाओं की कमी के चलते उसे सिम्स और फिर अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत बेहद नाजुक है।
साथी कर्मचारियों ने इस हादसे के लिए सीधे तौर पर रेलवे प्रशासन और ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि जिस रैक पर सफाई हो रही थी, उसी पर वंदे भारत ट्रेन लाने की तैयारी चल रही थी, लेकिन पावर सप्लाई बंद नहीं की गई थी।
सुरक्षा इंतजामों की कमी भी सामने आई है, प्रताप को न हेलमेट दिया गया, न सेफ्टी बेल्ट और न ही कोई अन्य सुरक्षा उपकरण। ठेका कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें बिना उचित प्रशिक्षण और सुरक्षा के सीधे खतरनाक कार्यों में लगा दिया जाता है। तीन-तीन महीने के कॉन्ट्रैक्ट पर काम करवा कर रेलवे प्रशासन और ठेकेदार दोनों जिम्मेदारी से बचते रहे हैं।
बताया गया कि इससे पहले भी डिपो में इस तरह के हादसे हो चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस हादसे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें प्रताप को करंट लगते और छटपटाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो के वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन की कार्यशैली और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
