नाइट मीटिंग, टिफिन और कप्तान की फटकार!
सरकारी दफ्तरों में शाम पांच या छह बजे के बाद सन्नाटा पसर जाना आम बात है। फाइलें बंद होती हैं और अफसर घर की राह पकड़ते हैं। लेकिन एक विभाग में इन दिनों ठीक उल्टा चल रहा है। यहां असली ‘कामकाज’ शाम सात बजे के बाद शुरू होता है। चर्चा के केंद्र में विभाग के दो अफसर हैं—एक प्रशिक्षु और दूसरे प्रमोटेड। दिन में दोनों रूटीन सरकारी काम निपटाते हैं, लेकिन जैसे ही शाम ढलती है, बंद केबिन में लंबी-लंबी ‘खास मीटिंग्स’ का दौर शुरू हो जाता है। कई बार तो ये बैठकें शाम सात बजे से खिंचकर रात के ढाई बजे तक पहुंच जाती हैं। अब विभाग में फाइलों के वजन से ज्यादा इन नाइट मीटिंग्स की चर्चा भारी पड़ रही है।
जाहिर है, दफ्तर के गलियारों में कोई बात ज्यादा दिन तक बंद कमरे में नहीं टिकती। एक-दो बार नहीं, बल्कि बार-बार होने वाली इन बैठकों की भनक आखिरकार कप्तान के कानों तक पहुंच गई। कप्तान ने मामले को गंभीरता से लिया और प्रशिक्षु अफसर को अपने केबिन में तलब कर जमकर क्लास भी लगाई। विभाग में सबको लगा कि अब शायद इन रात वाली बैठकों पर ब्रेक लग जाएगा। लेकिन हुआ ठीक उल्टा। कप्तान की फटकार का असर उतना ही हुआ, जितना बारिश में चॉक से लिखे किसी आदेश का होता है। डांट-फटकार के बाद भी बंद केबिन, लंबी चर्चा और रात के खाने के साथ ‘जरूरी मीटिंग’ का सिलसिला बदस्तूर जारी रहा।
इस बीच, दफ्तर की ये चर्चाएं चारदीवारी लांघकर प्रमोटेड अफसर के घर तक भी पहुंच गईं। बताते हैं कि रायपुर से आई उनकी पत्नी ने सीधे दफ्तर में दस्तक दे दी। उन्होंने न सिर्फ साहब का चेंबर खंगाला, बल्कि लैपटॉप तक की तलाशी ले डाली। इसके बाद घर पर भी एक लंबी ‘मीटिंग’ हुई, हालांकि इस बार एजेंडा सरकारी नहीं, बल्कि पूरी तरह घरेलू था। विभागीय स्टाफ को लगा कि अब तो मामला शांत हो ही जाएगा, लेकिन ‘नाइट मीटिंग’ का आकर्षण शायद हर डर से बड़ा है।
हाल ही में रात करीब दस बजे एक बार फिर दोनों अफसरों के बंद केबिन में साथ बैठकर टिफिन करने की खबर उड़ी। कप्तान को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने रंगे हाथों पकड़ने के लिए औचक निरीक्षण का प्लान बनाया। कप्तान पूरे लाव-लश्कर के साथ मौके पर पहुंचे भी, लेकिन लगता है मीटिंग के आयोजकों का सूचना तंत्र कप्तान के सिस्टम से ज्यादा तेज है। उन्हें पहले ही ‘अलर्ट’ मिल चुका था। लिहाजा, कप्तान जब केबिन में दाखिल हुए तो वहां कुर्सियां सजी थीं, टिफिन भी रखा था... लेकिन मीटिंग करने वाले दोनों साहब गायब थे।
अब विभाग में एक ही सवाल तैर रहा है—क्या कप्तान की सख्ती अब बेअसर हो चली है, या फिर इन बंद कमरे वाली बैठकों का एजेंडा इतना जरूरी है कि खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा? जो भी हो... साहबों की इस नाइट शिफ्ट ने सरकारी दफ्तर के गलियारों में खासी गर्मी जरूर पैदा कर दी है।
