कोटा BEO विजय पाण्डेय और क्लर्क रिश्वतखोरी में फंसे, निलंबित
शिक्षिका से मांगे थे 1.24 लाख, BEO पद से हटाए गए, क्लर्क सस्पेंड
बिलासपुर। शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कोटा विकासखंड में पदस्थ खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) विजय पाण्डेय और सहायक वर्ग-2 एकादशी पोर्ते पर रिश्वत लेने के गंभीर आरोप के बाद कलेक्टर अवनीश शरण ने त्वरित कार्रवाई करते हुए BEO को पद से हटा दिया है वही क्लर्क को भी निलंबित कर दिया है।
शिक्षिका ने खोली घूसखोरी की पोल
दरअसल, कोटा विकासखंड की शिक्षिका नीलम भारद्वाज ने दो हफ्ते पहले कलेक्टर द्वारा आयोजित जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके दिवंगत शिक्षक पति के सरकारी स्वत्वों के भुगतान के लिए BEO और क्लर्क द्वारा 1.24 लाख रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत के बावजूद BEO ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की और लगातार परेशान किया जा रहा था।
कलेक्टर ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए इसे टाइम लिमिट (TL) रजिस्टर में दर्ज कराकर जांच के आदेश दिए। जांच रिपोर्ट में आरोप पूरी तरह सही पाए गए। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने BEO विजय पाण्डेय को पद से हटाने और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने का आदेश जारी किया।
क्लर्क भी बुरी तरह फंसा, सस्पेंड होकर भेजा गया रतनपुर
शिक्षिका को रिश्वत देने के लिए मजबूर करने में सहायक वर्ग-2 क्लर्क एकादशी पोर्ते भी पूरी तरह संलिप्त पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया गया। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय रतनपुर हायर सेकेंडरी स्कूल नियत किया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी विजय पाण्डेय को हटाकर खुरदूर कोटा के प्राचार्य पद पर अस्थायी रूप से भेज दिया गया है। उनके खिलाफ विस्तृत विभागीय जांच चलेगी, जिसमें दोषी पाए जाने पर उन्हें बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
