रिश्वतखोरी का खेल: नसबंदी ऑपरेशन के लिए 6000 रुपए की मांग, ऑडियो में फंसी डॉक्टर!
बिलासपुर। जिला अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. वंदना चौधरी पर नसबंदी ऑपरेशन के लिए रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। यह मामला तब सामने आया जब एक मरीज ने डॉक्टर से की गई बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड कर प्रशासन को सौंपा। इस ऑडियो में डॉ. चौधरी को 6000 रुपए की मांग करते सुना जा सकता है। यह घटना स्वास्थ्य सेवाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार की पोल खोलती है।
2000 रुपए देने के बाद भी नहीं मानी डॉक्टर!
सेमरचुवा निवासी श्रीमती जमंत्री पटेल और उनके पति संतोष पटेल ने बताया कि डॉ. चौधरी ने नसबंदी ऑपरेशन के लिए 6000 रुपए की मांग की। जब उन्होंने 2000 रुपए दे दिए, तो डॉक्टर ने शेष राशि के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसी दौरान मरीज ने डॉक्टर से की गई बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया, जो अब उनकी गलत करतूतों का सबूत बन गया है।
कलेक्टर के आदेश पर सख्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अवनीश शरण ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डॉ. चौधरी से जवाब तलब किया है। साथ ही, उनके परिवार नियोजन और एमटीपी (गर्भपात) ऑपरेशन करने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। अब इन ऑपरेशनों की जिम्मेदारी डॉ. रमा घोष और डॉ. ममता सलूजा को सौंपी गई है।
