Amit Jogi Singing: माइक थामते ही बदला अंदाज, ‘कौवा’ वाली आवाज का VIDEO वायरल; गांधी जयंती पर आएगा गाना
रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी इन दिनों राजनीतिक गतिविधियों के साथ अपने एक नए प्रयोग को लेकर चर्चा में हैं। अमित जोगी जल्द ही एक गीत लेकर सामने आने वाले हैं। गाने की रिकॉर्डिंग से जुड़ा एक छोटा वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें उनका अलग अंदाज देखने को मिल रहा है। वीडियो में अमित जोगी रिकॉर्डिंग स्टूडियो में नजर आ रहे हैं और मजाकिया अंदाज में कौवे की आवाज निकालते दिखाई देते हैं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग उनके इस नए अवतार को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
शॉर्ट फिल्म के लिए पहुंचे थे स्टूडियो
अमित जोगी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि वह एक शॉर्ट फिल्म के लॉन्च से जुड़े कार्यक्रम के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान वह रिकॉर्डिंग स्टूडियो में गए और वहां गीत रिकॉर्ड करने का मौका मिला। उन्होंने रिकॉर्डिंग सेशन की एक झलक अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की है। वीडियो में स्टूडियो का माहौल और रिकॉर्डिंग के दौरान उनका अंदाज नजर आता है।
गांधी जयंती पर रिलीज होगा पूरा गीत
अमित जोगी के मुताबिक, रिकॉर्ड किया गया पूरा गीत गांधी जयंती के अवसर पर रिलीज किया जाएगा। फिलहाल उन्होंने केवल रिकॉर्डिंग सेशन का छोटा हिस्सा साझा किया है, जिससे लोगों को आने वाले गाने की झलक मिल सके। उन्होंने अपने पोस्ट में गीत को लेकर कहा कि कुछ भावनाएं शब्दों के बजाय गीत के जरिए व्यक्त की जाती हैं। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि गांधी जयंती पर रिलीज होने वाला यह पूरा गीत किस अंदाज में सामने आता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
रिकॉर्डिंग स्टूडियो का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आया है। खासतौर पर अमित जोगी का कौवे की आवाज निकालने वाला अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है। राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय अमित जोगी का गायकी की ओर यह कदम उनके समर्थकों और सोशल मीडिया यूजर्स के लिए नया अनुभव है। फिलहाल, पूरा गीत रिलीज होने का इंतजार किया जा रहा है।
